गरियाबंद। छत्तीसगढ़ शासन के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग के निर्देशानुसार जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र गरियाबंद द्वारा 18 मार्च 2026 को प्लेसमेंट कैंप का आयोजन किया जा रहा है। यह कैंप सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें निजी क्षेत्र के विभिन्न संस्थानों में रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी।
जिला रोजगार अधिकारी अंजुम अफरोज ने जानकारी दी कि इस प्लेसमेंट कैंप के माध्यम से अपोलो फार्मेसीज लिमिटेड रायपुर और एनआईआईटी लिमिटेड भिलाई-दुर्ग में कुल 35 पदों को भरा जाएगा। इनमें फार्मासिस्ट, सहायक फार्मेसी, एक्सिस बैंक और रिलेशनशिप मैनेजर के पद शामिल हैं। इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता स्नातक, डी-फार्मा या बी-फार्मा निर्धारित की गई है।
भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के इच्छुक आवेदक अपने साथ दो पासपोर्ट साइज फोटो, शैक्षणिक एवं तकनीकी योग्यता के मूल प्रमाण पत्र और उनकी छायाप्रति लेकर निर्धारित समय और स्थान पर उपस्थित हो सकते हैं। अभ्यर्थी ई-रोजगार पोर्टल या छत्तीसगढ़ रोजगार ऐप के माध्यम से ऑनलाइन पंजीयन भी करा सकते हैं।
कैंप के संबंध में किसी भी प्रकार की अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष क्रमांक 07706-241269 या मोबाइल नंबर 93295-59607 पर संपर्क किया जा सकता है। शासन की इस पहल का उद्देश्य स्थानीय युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।