रायगढ़ में दो हाथियों की संदिग्ध मौत, कुरकुट नदी में तैरते मिले शव

रायगढ़। जिले के घरघोड़ा वन परिक्षेत्र में दो हाथियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। दोनों हाथियों के शव बुधवार को कुरकुट नदी में तैरते हुए पाए गए। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकालकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार घरघोड़ा वन परिक्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से 19 हाथियों का एक दल विचरण कर रहा है। बुधवार को ग्रामीणों ने कक्ष क्रमांक 1273 के पास नदी में हाथियों के शव देखे और तत्काल वन विभाग को इसकी सूचना दी। प्रभारी रेंजर विक्रांत कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शवों को नदी से बाहर निकलवाया।

वन विभाग ने घटना स्थल का पंचनामा तैयार कर लिया है और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभाग का कहना है कि मौत के कारणों की स्पष्ट पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि नदी पार करते समय डूबने से हाथियों की मौत हुई होगी। जांच के लिए डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया है।

गौरतलब है कि एक साल पहले भी रायगढ़ जिले के तमनार रेंज में तीन हाथियों के शव मिले थे, जिनकी मौत बिजली के तार की चपेट में आने से हुई थी। उस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए वन कर्मियों को निलंबित किया गया था। अब इस नई घटना के बाद वन विभाग मामले की सघन जांच में जुटा है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *