सोने-चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट, रिकॉर्ड स्तर से काफी नीचे फिसले दाम

रायपुर। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर बुधवार को सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई। मुनाफावसूली और वैश्विक बाजार में डॉलर की मजबूती के चलते कीमती धातुओं के भाव तेजी से नीचे आए हैं। बुधवार शाम साढ़े सात बजे तक सोने के दाम 1703 रुपये की गिरावट के साथ 1,61,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहे थे, जबकि चांदी की कीमत में 12,000 रुपये की बड़ी कमी आई और यह 2,66,190 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई।

विशेषज्ञों के अनुसार, जनवरी में सोने और चांदी ने अपना सर्वकालिक उच्च स्तर छुआ था, लेकिन मौजूदा गिरावट ने उन्हें इस स्तर से काफी नीचे धकेल दिया है। चांदी अपने रिकॉर्ड स्तर 4.20 लाख रुपये से अब लगभग 1.55 लाख रुपये सस्ती हो गई है, जबकि सोना अपने उच्चतम स्तर 1,93,000 रुपये से 32,000 रुपये नीचे आ गया है।

कीमतों में इस गिरावट के पीछे कई प्रमुख कारण माने जा रहे हैं। बाजार जानकारों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों की तेजी के बाद निवेशकों ने मुनाफावसूली के लिए बिकवाली की, जिससे कीमतों पर दबाव बढ़ा। इसके अलावा, अमेरिकी डॉलर के मजबूत होने और अमेरिका में महंगाई के आंकड़ों के बाद फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती में देरी की संभावना ने भी सोने-चांदी को प्रभावित किया है। ऊंची ब्याज दरों के दौर में निवेशक अक्सर बॉन्ड की ओर रुख करते हैं, जिसका सीधा असर कीमती धातुओं की मांग पर पड़ता है।

इसके साथ ही, फ्यूचर्स मार्केट में चांदी के ट्रेडिंग मार्जिन में बढ़ोतरी की गई, जिससे कई ट्रेडर्स को अपनी पोजिशन काटनी पड़ी और चांदी में गिरावट का रुख और तेज हो गया। मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में अस्थिरता के कारण कमोडिटी मार्केट में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। विशेषज्ञों ने फिलहाल निवेशकों को बाजार में सावधानी बरतने की सलाह दी है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *