तखतपुर में ब्राउन शुगर की तस्करी का भंडाफोड़, पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल

बिलासपुर। जिले की तखतपुर पुलिस ने नशे के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर की तस्करी और बिक्री में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3.74 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की है। पकड़े गए युवकों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।

एसडीओपी नूपुर उपाध्याय ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मोढे चौक के पास एक युवक ब्राउन शुगर बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना मिलते ही तखतपुर पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी। मौके पर पुलिस ने तखतपुर के बड़े बाजार निवासी दुर्गेश गायकवाड़ (22 वर्ष) को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से ब्राउन शुगर बरामद हुई।

पूछताछ के दौरान आरोपी दुर्गेश ने खुलासा किया कि उसे यह नशीला पदार्थ तखतपुर निवासी अप्पू देवांगन (32 वर्ष) ने उपलब्ध कराया था। पुलिस ने तत्काल दूसरे आरोपी की तलाश शुरू की और उसे बिलासपुर रेलवे स्टेशन के पास से हिरासत में लिया। आरोपी अप्पू देवांगन ने स्वीकार किया कि वह उत्तर प्रदेश से ब्राउन शुगर खरीदकर लाता था और स्थानीय स्तर पर बिक्री के लिए दुर्गेश को देता था।

इस सफल कार्रवाई में तखतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार पांडेय, उपनिरीक्षक दिलाराम मनहर, एसीसीयू बिलासपुर के उपनिरीक्षक कमलेश बंजारे और उनकी टीम के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *