रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरैना स्थित विधायक कॉलोनी में भारतीय वायुसेना के एक विंग कमांडर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। मृतक की पहचान 39 वर्षीय विपुल यादव के रूप में हुई है, जिनका शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मूल रूप से हरियाणा के रहने वाले विंग कमांडर विपुल यादव वर्तमान में रायपुर में तैनात थे और पुरैना की विधायक कॉलोनी स्थित बंगला नंबर 79 में अपने परिवार के साथ रह रहे थे। घटना का पता तब चला जब परिजनों ने उन्हें कमरे में फंदे से लटका देखा। परिजनों की सूचना पर तत्काल तेलीबांधा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया।
घटनास्थल पर प्रारंभिक जांच और पंचनामा की कार्रवाई के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अब तक आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है और न ही कोई सुसाइड नोट बरामद होने की जानकारी मिली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे मामले की हर पहलू से जांच कर रहे हैं। परिजनों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि घटना की सही वजह सामने आ सके। पुलिस को अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके बाद ही मौत की परिस्थितियों और कारणों की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।