रमेश गुप्ता
भिलाई। अवैध शराब बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन विश्वास’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक क्लब संचालक को गिरफ्तार कर आरोपी के कब्जे से 64 बोतल बीयर जब्त की है, जिसकी कुल मात्रा 41.600 बल्क लीटर और अनुमानित कीमत 12,800 रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 18 अप्रैल की देर रात रात्रि गश्त के दौरान टीम ने टी-सूर्यामाल जुनवानी स्थित “लिस्टोमेनिया किचन एंड क्लब” में जांच की। इस दौरान पाया गया कि क्लब संचालन का निर्धारित समय समाप्त होने के बावजूद संचालक द्वारा अवैध रूप से ग्राहकों को बीयर उपलब्ध कराई जा रही थी। जांच में यह भी सामने आया कि बीयर की बोतलों को क्लब की छत पर छिपाकर रखा गया था।
पुलिस ने मौके पर ही आरोपी संजय गुप्ता (41 वर्ष), निवासी सेक्टर-04 भिलाई को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
एडिशनल एसपी एवं पुलिस प्रवक्ता मणि शंकर चंद्रा ने बताया कि ऑपरेशन विश्वास के तहत क्षेत्र में अवैध शराब और मादक पदार्थों की बिक्री पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में निरीक्षक राजेश कुमार साहू, सउनि उत्तम कुमार साहू सहित पुलिस टीम के आरक्षक कमल नारायण, गोविन्द साहू, कौशलेन्द्र और सविंदर सिंह की सराहनीय भूमिका रही।
लिस्टोमेनिया किचन एंड क्लब” मे रेड, 64 बोतल बीयर जब्त..क्लब संचालक गिरफ्तार..

19
Apr