खरोरा, 21 जून 2026 – पीएम श्री भरत देवांगन शासकीय उत्कृष्ट हिन्दी-अंग्रेज़ी माध्यम विद्यालय, खरोरा में दिनांक 21 जून 2026 को 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में नगर के गणमान्य नागरिकों, विद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए किया गया। विद्यालय के व्यायाम शिक्षक एवं योग प्रशिक्षक योगेंद्र त्रिपाठी ने विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनसमुदाय को विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया। उन्होंने ताड़ासन, वृक्षासन, पद्मासन, वज्रासन, भुजंगासन, त्रिकोणासन, पवनमुक्तासन, शवासन, सूर्य नमस्कार सहित विभिन्न योग क्रियाओं एवं प्राणायाम का अभ्यास कराते हुए उनके शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन एकाग्र एवं जीवन संतुलित रहता है तथा योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज संपूर्ण विश्व अपना रहा है।
इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य रजनी मिंज ने अपने उद्बोधन में कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन जीने की कला है। विद्यार्थियों को अपने दैनिक जीवन में योग को अपनाकर शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को नियमित योग करने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय की वरिष्ठ व्याख्याता शाहिना परवीन एवं सेवानिवृत्त व्याख्याता डोमार सिंह यादव ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते तनाव एवं प्रतिस्पर्धा के दौर में योग मानसिक शांति एवं आत्मविश्वास का सर्वोत्तम माध्यम है। योग व्यक्ति को सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है तथा जीवन में सफलता प्राप्त करने हेतु आवश्यक एकाग्रता एवं आत्मनियंत्रण विकसित करता है।
योग दिवस कार्यक्रम में नगर के गणमान्य नागरिकों, पालकों, विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। सभी ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन एवं नियमित योग करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अतिथियों एवं सहभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। योगमय वातावरण में संपन्न यह आयोजन विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनसमुदाय के लिए प्रेरणादायक एवं स्वास्थ्यवर्धक सिद्ध हुआ।
इस योग संगम कार्यक्रम में प्राचार्य रजनी मिंज, व्याख्याता शाहिना परवीन, संगीता नायक, रीतारानी वर्मा, रजनी त्रिपाठी, चमेली ठाकुर, जयंती साहू, अल्का मिंज, योगेंद्र त्रिपाठी, जगदेव बंजारे, प्रवीण पाटिल, अंग्रेजी माध्यम स्टॉफ निशिता दीक्षित, पावस पटेल, अंकृति भिड़े, योगिता देवांगन, सना करीम, आंचल कसार, जास्मि जोश, अजय कुमार कुर्रे, लुकेश्वर उइके, विक्रम आडिल, आकाश परिहार एवं विद्यालयीन छात्र/छात्राएं उपस्थित थे।