रायपुर। नगर निगम जोन 9 के अवंतिविहार ओवरहेड टंकी में डिस्ट्रीब्यूशन वाल्व बदलने के कार्य के कारण शुक्रवार 14 नवंबर को महर्षि वाल्मीकि वार्ड और नेताजी सुभाष चंद्र बोस वार्ड में जल आपूर्ति प्रभावित रहेगी। कार्य पूरा होने के बाद शनिवार सुबह से जलापूर्ति सामान्य हो जाएगी।
जल विभाग के कार्यपालन अभियंता नरसिंग फरेंद्र ने बताया कि अवंतिविहार टंकी में वर्तमान में सिंगल डिस्ट्रीब्यूशन वाल्व लगा है, जिसे डबल वाल्व में बदला जा रहा है। यह कार्य जोन स्तर पर किया जाएगा। कार्य के दौरान टंकी में जलभराव नहीं हो सकेगा, जिससे संबंधित वार्डों में जलापूर्ति बाधित रहेगी।
केवल पांच टंकियों में डबल वाल्व
नगर निगम के पास शहरभर में 43 नई एवं पुरानी पानी टंकियां हैं। इनमें से मात्र पांच टंकियों में डिस्ट्रीब्यूशन के लिए डबल वाल्व लगे हैं। शेष 38 टंकियों में सिंगल वाल्व होने से वाल्व खराब होने पर पूरी टंकी खाली कर नया वाल्व लगाना पड़ता है, जिससे लाखों लीटर शुद्ध पेयजल व्यर्थ बह जाता है।
इस समस्या के समाधान के लिए जल विभाग ने शेष टंकियों में डबल वाल्व लगाने के लिए दो करोड़ रुपये का प्रस्ताव राज्य शासन को मंजूरी के लिए भेजा है।