TTC के विद्यार्थियों को मिला प्रेरणादायी मार्गदर्शन

राजकुमार मल

भाटापारा- तहसील विधिक सेवा समिति, भाटापारा द्वारा जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत TTC (निःशुल्क कोचिंग) के विद्यार्थियों हेतु एक विशेष मार्गदर्शन सत्र का आयोजन किया गया। इस अवसर पर माननीय श्री अशोक कुमार लाल, जिला सत्र एवं अपर न्यायाधीश महोदय ने विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, लक्ष्य निर्धारण तथा जीवन में सफलता प्राप्त करने के महत्वपूर्ण सूत्रों की विस्तृत जानकारी प्रदान की।


कार्यक्रम के दौरान माननीय न्यायाधीश महोदय ने विद्यार्थियों को बताया कि किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता प्राप्त करने के लिए नियमित अध्ययन, अनुशासन, समय प्रबंधन एवं आत्मविश्वास अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अपने जीवन में घटित प्रेरणादायी अनुभवों एवं संघर्षों को साझा करते हुए विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत करने और असफलताओं से सीख लेकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थी भी दृढ़ संकल्प एवं सही दिशा में प्रयास कर उच्च पद प्राप्त कर सकते हैं। विद्यार्थियों ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका माननीय न्यायाधीश महोदय द्वारा सरल एवं प्रेरणादायी उत्तर दिया गया।
इस अवसर पर TTC के बच्चों को निःशुल्क कोचिंग प्रदान करने वाले वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कृषि विभाग, श्री अवधेश उपाध्याय भी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व, निरंतर अभ्यास तथा सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों ने इस मार्गदर्शन सत्र को अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायी बताया तथा भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की अपेक्षा व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *