पत्नी से परेशान पति पहुंचा एसपी दफ्तर, बोला- ‘मुझे मेरी पत्नी से बचाओ’…

विदिशा। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में एक युवक ने अपनी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है। पीड़ित पति का कहना है कि वह लगातार मानसिक प्रताड़ना का शिकार हो रहा है और उसे झूठे मामलों में फंसाने की धमकियां दी जा रही हैं।

करारिया इलाके के निवासी जीवन जाटव ने एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी पिछले करीब दो वर्षों से उन्हें परेशान कर रही है। आरोप है कि वह अक्सर पैसों की मांग करती है और मना करने पर झूठे केस में फंसाने की चेतावनी देती है।

पीड़ित के अनुसार, उनकी पत्नी घर से जेवर और नकदी लेकर मायके चली गई है और बीच-बीच में वापस आकर विवाद खड़ा करती है। इस वजह से उनका पारिवारिक जीवन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है।

जीवन जाटव ने यह भी बताया कि उन्होंने पहले भी स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

वहीं पुलिस का कहना है कि मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा हुआ है। इसे महिला थाना को सौंप दिया गया है, जहां दोनों पक्षों से बातचीत कर समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *