नई दिल्ली
अमेरिका और ईरान के बीच फरवरी के अंत में छिड़ी भीषण जंग के बाद से लगभग ठप पड़े होर्मुज स्ट्रेट से बड़ी खबर सामने आ रही है। युद्ध शुरू होने के बाद यह पहला मौका है जब तरल प्राकृतिक गैस यानी एलएनजी से भरा कोई टैंकर इस खतरनाक समुद्री रास्ते को पार करने में सफल रहा है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार यूएई की कंपनी एडीएनओसी द्वारा संचालित यह विशाल जहाज अब भारत के समुद्री क्षेत्र के पास देखा गया है। हालांकि ईरान ने भारत जैसे अपने मित्र देशों के कुछ चुनिंदा जहाजों को रास्ता देने की इजाजत दी थी लेकिन गैस टैंकरों की आवाजाही पर अब तक पूरी तरह ब्रेक लगा हुआ था।
सैकड़ों जहाजों का इंतजार बरकरार और भारत के लिए राहत की आहट
होर्मुज स्ट्रेट के रास्ते पर अब भी सैकड़ों मालवाहक जहाज और तेल टैंकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं क्योंकि युद्ध के चलते यह जलडमरूमध्य आधिकारिक तौर पर लगभग बंद ही है। अब तक केवल कुछ तेल और एलपीजी टैंकर ही यहां से निकल पाए थे लेकिन एलएनजी टैंकर का निकलना वैश्विक ऊर्जा बाजार के लिए एक महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है। अगर इस जहाज के सुरक्षित निकलने की पुष्टि हो जाती है तो यह 28 फरवरी के बाद से इस रूट पर गैस आपूर्ति बहाल होने की दिशा में पहली बड़ी कामयाबी होगी। वर्तमान में यह टैंकर भारतीय तटों के समीप ट्रैक किया जा रहा है जिससे ऊर्जा संकट झेल रहे क्षेत्रों को बड़ी उम्मीद जगी है।
