आतंकी संगठन ISIS को सबसे बड़ा झटका: अमेरिकी और नाइजीरियाई सेना ने मार गिराया नंबर-2 कमांडर अबू-बिलाल

नई दिल्ली। दुनिया के सबसे खतरनाक आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (ISIS) को लेकर एक बहुत बड़ी खबर सामने आ रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एलान किया है कि अमेरिकी और नाइजीरियाई सेना ने मिलकर आईएसआईएस के शीर्ष नेता अबू-बिलाल अल-मिनुकी को एक बड़े सैन्य ऑपरेशन में ढेर कर दिया है। ट्रंप ने इस बेहद खुफिया और कामयाब मिशन की जानकारी खुद अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर शेयर की है।

ट्रंप के इशारे पर हुआ बेहद जटिल ऑपरेशन

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर इस मिशन की सफलता की घोषणा करते हुए गर्व जताया। उन्होंने कहा कि दुनिया के सबसे सक्रिय और खूंखार आतंकियों में से एक अल-मिनुकी का अब पूरी तरह खात्मा हो चुका है। ट्रंप ने साफ किया कि यह पूरा मिशन सीधे उनके डायरेक्शन और प्लानिंग के तहत पूरा किया गया। इस ज्वाइंट मिलिट्री ऑपरेशन में अमेरिकी सेना और नाइजीरिया की आर्म्ड फोर्स ने मिलकर हिस्सा लिया था। अबू-बिलाल अल-मिनुकी इस आतंकी संगठन में वैश्विक स्तर पर दूसरे नंबर का सबसे बड़ा और रसूखदार नेता माना जाता था।

सोचा था अफ्रीका के जंगलों में छिप जाएगा

ट्रंप ने अपनी पोस्ट में लिखा, “आज रात, मेरे निर्देश पर अमेरिकी सेना और नाइजीरियाई जांबाजों ने दुनिया के सबसे एक्टिव आतंकवादी को जंग के मैदान में ही खत्म कर दिया। इस बेहद मुश्किल मिशन को बिना किसी गलती के अंजाम दिया गया है।”

ट्रंप ने आगे बताया कि आईएसआईएस का यह सेकंड इन कमांड कमांडर सोचता था कि वह भागकर अफ्रीका के जंगलों में छिप जाएगा और किसी की नजरों में नहीं आएगा। लेकिन उसे शायद अंदाजा नहीं था कि हमारे इंटेलिजेंस सोर्स पल-पल की खबरें जुटा रहे थे। खुफिया एजेंसियों ने उसकी हर मूवमेंट और सही लोकेशन को पूरी तरह ट्रैक कर लिया था।

नाइजीरिया सरकार का जताया आभार

अबू-बिलाल के मारे जाने से अमेरिका और अफ्रीका दोनों ने बड़ी राहत की सांस ली है। ट्रंप ने कहा कि वह अब अफ्रीका के मासूम लोगों को डरा नहीं पाएगा और न ही अमेरिकियों को निशाना बनाने की कोई साजिश रच सकेगा। उसके खात्मे से दुनिया भर में आईएसआईएस का नेटवर्क पूरी तरह टूट गया है। ट्रंप ने इस बेहद पेचीदा ऑपरेशन में कंधे से कंधा मिलाकर साथ देने के लिए नाइजीरिया सरकार और वहां की सेना का विशेष रूप से धन्यवाद किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *