बालोद में रिश्तों का कत्ल: थाने से लौटकर घर में सो रही थी बहन, सनकी भाई ने कैंची से गला रेतकर मार डाला

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक बेहद ही खौफनाक और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ परसली गांव में एक सगे भाई ने अपनी ही बहन की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी भाई ने सो रही बहन पर धारदार कैंची से हमला कर उसका गला रेत दिया। इस खूनी हमले में गंभीर रूप से घायल युवती ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। यह सनसनीखेज मामला देवरी थाना क्षेत्र का है।

थाने पहुंची थी बहन, पुलिस ने दी थी समझाइश

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतका की पहचान तनीषा सोनकर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार दोपहर को तनीषा सोनकर किसी बात से नाराज होकर सीधे देवरी थाना पहुंच गई थी। वहाँ उसने अपने भाई पोषण सोनकर के खिलाफ मारपीट करने की शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने भाई-बहन और परिवार के दोनों पक्षों को बिठाकर आपस में समझाइश दी। पुलिस के समझाने के बाद मामला शांत होता दिखा और युवती ने थाने में दिया अपना आवेदन वापस ले लिया।

सोते समय सनकी भाई ने किया खौफनाक हमला

सबको लगा कि मामला सुलझ गया है, लेकिन सनकी भाई के दिमाग में कुछ और ही चल रहा था। पुलिस के जाने के कुछ ही घंटों बाद आरोपी ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया। शुक्रवार रात को जब तनीषा अपने कमरे में सो रही थी, तभी पोषण सोनकर दबे पांव वहाँ पहुंचा। उसने पास रखी एक धारदार कैंची उठाई और सीधे तनीषा के गले पर वार कर दिया।

अस्पताल में तोड़ा दम, आरोपी भाई गिरफ्तार

चीख-पुकार सुनकर परिजन तुरंत कमरे की तरफ भागे। तनीषा खून से लथपथ पड़ी थी। घरवाले आनन-फानन में उसे देवरी अस्पताल लेकर भागे। वहाँ युवती की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल राजनांदगांव रेफर कर दिया। लेकिन घाव इतना गहरा था कि इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही देवरी पुलिस तुरंत एक्शन में आई। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए हत्यारे भाई पोषण सोनकर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *