नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के गीता कॉलोनी इलाके में सोमवार रात एक युवक को गोली मार दी गई। घटना रात करीब 9 बजे की है। घायल की पहचान आदित्य (22) के रूप में हुई है, जिसे उसके चाचा मुरारी शर्मा ने गंभीर हालत में डॉ. हेडगेवार अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस को रात 10:10 बजे अस्पताल से मामले की सूचना मिली, जिसके बाद गीता कॉलोनी थाने की टीम मौके पर पहुंची।
मौके से खून के निशान मिले, गोली रीढ़ में फंसी
पुलिस जब SBI एटीएम के पास घटना स्थल पर पहुंची, तो सड़क पर खून के धब्बे मिले। शुरुआती जांच में सामने आया कि आदित्य अपनी पत्नी भूमि के साथ मोमो खाने आया था, तभी उसकी पीठ में गोली मारी गई। डॉक्टरों के अनुसार, गोली उसकी रीढ़ की हड्डी में फंसी हुई है। फिलहाल आदित्य अस्पताल में इलाजरत है। वह होश में है, लेकिन हमलावरों के नाम बताने से इंकार कर रहा है।
पत्नी ने जताई पुराने विवाद की बात
अस्पताल में मौजूद उसकी पत्नी भूमि ने बताया कि आदित्य का आपराधिक बैकग्राउंड है और उसके 3-4 साथी दोपहर में ही उससे पैसे लौटाने को लेकर धमकी दे चुके थे। पुलिस को शक है कि यह हमला उसी विवाद का नतीजा हो सकता है।
आपराधिक रिकॉर्ड वाला निकला घायल युवक
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आदित्य का आपराधिक इतिहास रहा है। जून 2025 में उसे प्रीत विहार थाना क्षेत्र में दर्ज लूट के एक मामले (FIR No. 242/25, सेक्शन 118/309(4)/309(6)/311/3(5) बीएनएस) में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर सबूत एकत्र किए हैं।
पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी
फिलहाल पुलिस पैसे के लेनदेन से जुड़े विवाद के एंगल पर जांच कर रही है। इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की पहचान की जा रही है।