विधायक की गिरफ्तारी पर अड़े तहसीलदार, आज से छत्तीसगढ़ में राजस्व कामकाज ठप, अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज से सरकारी और राजस्व से जुड़े कामकाज पूरी तरह ठप होने जा रहे हैं। सरगुजा संभाग में हुए एक विवाद के बाद अब प्रदेशभर के तहसीलदार और नायब तहसीलदार आज (1 जून) से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ के आह्वान पर राज्य के तमाम राजस्व अधिकारी सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। अधिकारियों का साफ कहना है कि जब तक मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, वे काम पर वापस नहीं लौटेंगे।

जानिए क्या है पूरा विवाद?

यह पूरा मामला मैनपाट की राजापुर उप तहसील का है। आरोप है कि बीते 27 मई को सीतापुर से भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो की चचेरी बहन सीमा धनकी जमीन से जुड़े किसी दस्तावेज पर दफ्तर में दस्तखत कराने पहुंची थीं। काम में देरी को लेकर नायब तहसीलदार तुषार मानिक और सीमा धनकी के बीच बहस हो गई।

शिकायत के मुताबिक, इसके बाद भाजपा विधायक अपने समर्थकों के साथ उप तहसील कार्यालय पहुंचे। आरोप है कि वहां विधायक और उनके समर्थकों ने नायब तहसीलदार तुषार मानिक के साथ मारपीट और बदसलूकी की, जिसमें बीच-बचाव करने आए एसडीएम फागेश सिन्हा को भी दखल देना पड़ा।

दोनों पक्षों पर दर्ज हो चुकी है काउंटर FIR

इस हाईप्रोफाइल मामले में पुलिस ने दोनों ही पक्षों की शिकायतों पर काउंटर एफआईआर दर्ज की है:

  • प्रशासनिक पक्ष की ओर से: नायब तहसीलदार की शिकायत पर भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो समेत यूसुफ, नाजिम राजा, पंकज गुप्ता और करीब 10 समर्थकों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने और मारपीट (बीएनएस की धारा 221, 191) का केस दर्ज हुआ है।
  • विधायक पक्ष की ओर से: विधायक की चचेरी बहन की शिकायत पर नायब तहसीलदार तुषार मानिक के खिलाफ भी महिलाओं से अभद्रता करने, सार्वजनिक स्थान पर अश्लीलता फैलाने और धमकी देने (बीएनएस की धारा 79, 296, 351) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

आर-पार की लड़ाई के मूड में अधिकारी

इससे पहले 29 मई को भी प्रदेश के 500 से अधिक तहसीलदारों ने सामूहिक अवकाश लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया था। एसोसिएशन का कहना है कि अल्टीमेटम के बाद भी विधायक और उनके समर्थकों पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। अधिकारियों का तर्क है कि यदि मजिस्ट्रेट स्तर के अफसरों के साथ ऐसी घटनाओं पर तुरंत एक्शन नहीं लिया गया, तो फील्ड में काम करने वाले कर्मचारियों का मनोबल टूटेगा और वे भय के माहौल में काम नहीं कर पाएंगे। बहरहाल, इस बड़ी हड़ताल के कारण आज से आम जनता के जाति, निवास, आय प्रमाण पत्र और जमीन की रजिस्ट्री व नामांतरण जैसे महत्वपूर्ण काम अटकने तय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *