बीजापुर। पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र यादव के निर्देशन में जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर यातायात पुलिस द्वारा लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत एक स्कॉर्पियो चालक द्वारा सार्वजनिक सड़क पर स्टंट करते हुए लापरवाही से वाहन चलाकर आम लोगों की सुरक्षा को खतरे में डालने पर मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। जांच के दौरान चालक के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं मिला, वाहन में अनधिकृत सायरन एवं हूटर लगे पाए गए, ब्लैक फिल्म का उपयोग किया गया था तथा पंजीयन संबंधी नियमों का भी उल्लंघन पाया गया। इन सभी उल्लंघनों पर कुल ₹9,000 का चालान किया गया।
इसके अलावा एक अन्य वाहन की जांच में पंजीयन क्रमांक अंकित नहीं होना, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्र (PUC) प्रस्तुत नहीं करना, ब्लैक फिल्म लगी होना तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर ₹3,100 का चालान किया गया।
इस प्रकार यातायात पुलिस ने आज कुल ₹12,100 की चालानी कार्रवाई करते हुए वाहन चालकों को भविष्य में नियमों का पालन करने की समझाइश दी।
बीजापुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक सड़कों पर स्टंट करने से बचें, वाहनों में अवैध सायरन, हूटर एवं ब्लैक फिल्म का उपयोग न करें तथा वाहन चलाते समय सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें। यातायात नियमों का पालन कर स्वयं और अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
“यातायात नियमों का पालन करें, सुरक्षित रहें — आपकी छोटी-सी सावधानी किसी की जान बचा सकती है।”