के एस ठाकुर, राजनांदगांव (छत्तीसगढ़)
लोकेशन: राजनांदगांव
राजनांदगांव। पुलिस द्वारा शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से शहर के प्रमुख सर्विस रोड एवं व्यस्त बाजार क्षेत्रों में नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर प्रभावी कार्यवाही की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन और नेतृत्व में चला विशेष अभियान
यह कार्यवाही पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा यातायात प्रभारी निरीक्षक नवरत्न कश्यप के नेतृत्व में की गई।
विशेष अभियान के दौरान शहर के विभिन्न सर्विस रोड एवं बाजार क्षेत्रों में नो पार्किंग क्षेत्र में खड़े पाए गए वाहनों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के प्रावधानों के तहत चालानी कार्यवाही की गई। वाहन चालकों को सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा न करने, निर्धारित पार्किंग स्थल का उपयोग करने तथा यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश भी दी गई।
दो दिनों में 143 वाहनों पर गाज, ₹59,000 का समन शुल्क वसूला
विगत दो दिनों के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 143 वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्यवाही करते हुए ₹59,000 (उनसठ हजार रुपये) का समन शुल्क वसूल किया गया।
व्यापारियों से निर्धारित समय पर माल लोडिंग-अनलोडिंग करने की अपील
यातायात पुलिस द्वारा शहर के समस्त व्यापारियों से अपील की गई है कि वे अपने प्रतिष्ठानों हेतु माल की लोडिंग एवं अनलोडिंग निर्धारित समय के अनुसार ही कराएं, जिससे बाजार क्षेत्र में अनावश्यक यातायात बाधित न हो।
व्हाइट पार्किंग पट्टी का उपयोग करने का अनुरोध, नियम तोड़ने पर आगे भी होगी कार्रवाई
साथ ही सभी दुकानदारों एवं नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि अपने तथा अपने ग्राहकों के वाहन केवल व्हाइट पार्किंग पट्टी (निर्धारित पार्किंग क्षेत्र) के भीतर ही खड़े कराएं, जिससे आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें तथा नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा कर यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न न करें। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त एवं निरंतर कार्यवाही जारी रहेगी।