सड़क हादसों पर लगाम लगाने SP विजय अग्रवाल सख्त

रमेश गुप्ता भिलाई। जिले में सुरक्षित एवं सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को पुलिस कंट्रोल रूम, सेक्टर-06 भिलाई में एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने की। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री ऋचा मिश्रा सहित यातायात विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में जिले के नेशनल हाईवे एवं प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए विस्तृत चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रभावी और सख्त कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। विशेष रूप से अवैध पार्किंग हटाने, सड़क किनारे अतिक्रमण समाप्त करने तथा दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक सुधार कार्य करने पर जोर दिया गया।


बैठक के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों एवं शराब सेवन कर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही ई-चालान की कार्यवाही बढ़ाने, नियमित मॉनिटरिंग करने और आमजन में जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाने की बात कही गई।
कुम्हारी टोल प्लाजा सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर खड़े अनावश्यक एवं अवैध वाहनों को हटाने, नेशनल हाईवे पर बने अवैध कटिंग को चिन्हित कर बंद करने तथा आगामी सड़क सुरक्षा बैठक के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को ड्यूटी के दौरान संयमित एवं पेशेवर व्यवहार बनाए रखने, अनावश्यक विवाद से बचने तथा जनसंपर्क बेहतर करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के साथ-साथ आम नागरिकों में जागरूकता बढ़ाना भी उतना ही आवश्यक है।
बैठक में यातायात पुलिस दुर्ग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दिए गए निर्देशों के पालन हेतु तत्परता दिखाई और आगामी विशेष अभियान की रूपरेखा तैयार करने में सक्रिय भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *