शिवसेना ने वीएसआर कंपनी के विमानों के इस्तेमाल पर लगाई रोक, अजित पवार की मृत्यु के बाद लिया फैसला

मुंबई। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उनकी पार्टी शिवसेना ने वीएसआर वेंचर्स कंपनी के विमानों का उपयोग न करने का निर्णय लिया है। यह फैसला पुणे के बारामती में हुए उस विमान हादसे के बाद लिया गया है, जिसमें उपमुख्यमंत्री अजित पवार की दुखद मृत्यु हो गई थी।

नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने भी इस मामले में वीएसआर वेंचर्स पर सख्त कार्रवाई की है। हादसे के बाद किए गए विशेष ऑडिट और निगरानी में गंभीर खामियां पाए जाने के बाद कंपनी के चार विमानों के संचालन पर रोक लगाते हुए उन्हें ग्राउंडेड कर दिया गया है। जिस विमान में अजित पवार सवार थे, वह दिल्ली स्थित वीएसआर वेंचर्स का लियरजेट 45एक्सआर मॉडल था।

उल्लेखनीय है कि 28 जनवरी 2026 को अजित पवार बारामती में जनसभाओं को संबोधित करने के लिए मुंबई से चार्टर्ड विमान से रवाना हुए थे। सुबह करीब 8:46 बजे बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दूसरे प्रयास के दौरान विमान अनियंत्रित होकर खुले मैदान में क्रैश हो गया। इस भीषण हादसे में विमान में आग लग गई और उसमें सवार अजित पवार, उनके पीएसओ, अटेंडेंट और दो क्रू मेंबर्स की जान चली गई थी। सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए अब सत्ता पक्ष ने इस कंपनी की सेवाएं न लेने का कड़ा रुख अपनाया है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *