मुर्शिदाबाद। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में चुनावी माहौल के बीच बहरामपुर से कांग्रेस उम्मीदवार अधीर रंजन चौधरी पर हमले और बदसलूकी का मामला सामने आया है। बहरामपुर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड नंबर 19 में जनसंपर्क के दौरान कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प हो गई, जिससे पूरे इलाके में तनाव फैल गया। आरोप है कि प्रचार के दौरान टीएमसी कार्यकर्ताओं ने अधीर रंजन चौधरी के साथ धक्का मुक्की और अभद्र व्यवहार किया।
पांच बार के सांसद रहे और 30 साल बाद विधानसभा चुनाव लड़ रहे अधीर रंजन चौधरी ने इस घटना के बाद प्रशासन द्वारा मुहैया कराई गई सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में हवा बदल रही है और उन्हें जनता के आशीर्वाद पर पूरा भरोसा है। इस सीट पर उनका मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी के सुब्रत मोइत्रा और टीएमसी के नारू गोपाल मुखर्जी से है।
अधीर रंजन चौधरी ने सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर विकास कार्यों में बाधा डालने का भी संगीन आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और रेलवे कई प्रोजेक्ट्स के लिए पूरा फंड देने को तैयार हैं, लेकिन राज्य सरकार केवल इसलिए काम नहीं होने दे रही है ताकि उन्हें इसका श्रेय न मिले। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सारा श्रेय खुद लेना चाहती हैं, भले ही इसके लिए राज्य का नुकसान क्यों न हो जाए। पुलिस और स्थानीय प्रशासन मामले की जांच कर रहे हैं।