कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने जारी किया आदेश
कोरिया, 11 मई 2026/ त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन 2026 के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी, कोरिया द्वारा विभिन्न अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अलग-अलग दायित्व सौंपे गए हैं। इस संबंध में आदेश जारी कर निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सभी कार्यों के समयबद्ध निष्पादन के निर्देश दिए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार मतदान दलों के गठन, प्रशिक्षण तथा सामग्री वितरण एवं वापसी की जिम्मेदारी तहसीलदार बैकुंठपुर को सौंपी गई है। वहीं मतपत्रों की प्रूफ रीडिंग एवं मुद्रण कार्य का दायित्व भी संबंधित अधिकारियों को दिया गया है।
मतदाता सूची की चिन्हित प्रति तैयार करने, शिकायतों के निराकरण, कंट्रोल रूम संचालन, निर्वाचन सामग्री वितरण, वाहन व्यवस्था, परिवहन योजना एवं रूट चार्ट तैयार करने सहित विभिन्न कार्यों के लिए अलग-अलग प्रभारी अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।
निर्वाचन प्रक्रिया के अंतर्गत मतपत्र लेखा जांच, मतदान कर्मियों के कल्याण, ऑनलाइन मतगणना व्यवस्था, मानदेय वितरण, पेयजल एवं स्वच्छता व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा तथा मतदान सामग्री वितरण एवं मतगणना स्थलों की तैयारी हेतु भी विभागवार जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं।
दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा सुनिश्चित करने, अभ्यर्थी एवं मतदाता सहायता केंद्र संचालन तथा कानून व्यवस्था एवं आदर्श आचार संहिता के पालन के लिए भी अधिकारियों को दायित्व सौंपे गए हैं।
जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा जारी आदेश में सभी प्रभारी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे राज्य निर्वाचन आयोग एवं जिला निर्वाचन कार्यालय से जारी निर्देशों के अनुरूप निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करें तथा संबंधित अभिलेख सुरक्षित रखें। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त कर्मचारियों की नियुक्ति उप जिला निर्वाचन अधिकारी की अनुमति से की जा सकेगी। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।