सुशासन तिहार 2026 के तहत सोंस में आयोजन
विधायक ने ग्रामीणों से योजनाओं का लाभ लेने की अपील
कलेक्टर ने एग्रीस्टेक पंजीयन पर दिया जोर, हितग्राहियों को सामग्री वितरण
कोरिया, 05 मई 2026/
सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत मंगलवार को बैकुंठपुर जनपद पंचायत के ग्राम सोंस में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया।
कनेर और आम के पेड़ों की ठंडी छांव में आयोजित इस शिविर में ग्रामीणों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही। भीषण गर्मी को देखते हुए आयुष विभाग द्वारा पानकम (शीतल पेय) की व्यवस्था की गई, जिससे लोगों को राहत मिली। आम लोगो ने इस व्यवस्था की सराहना की।
कार्यक्रम में बैकुंठपुर विधायक भईयालाल राजवाड़े ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उन्हें केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा श्रम कार्ड जैसी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि इनका अधिक से अधिक लाभ उठाया जाए। विधायक ने कृषि, वन सहित अन्य विभागों के अधिकारियों को योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

शिविर में लगे स्टालों का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर चंदन त्रिपाठी ने ग्रामीणों से सीधे उनकी समस्याएं सुनीं और कई आवेदनों को मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को सौंपकर तत्काल निराकरण के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने किसानों से एग्रीस्टेक पंजीयन कराने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक किसानों का यह पंजीयन जरूरी है ताकि केन्द्र व राज्य सरकार की किसान हितकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने रासायनिक खाद के बदले नैनो यूरिया, डीएपी को अपनाने की बात कही साथ ही मृदा परीक्षण कराने के लिए किसानों को प्रेरित की।
उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग को महतारी वंदन योजना के अंतर्गत ई-केवाईसी कार्यों को जिम्मेदारी से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही तहसीलदारों को शिविर स्थल पर ही आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र वितरण सुनिश्चित करने को कहा।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान हितग्राहियों को एचपीवी कार्ड, आयुष्मान एवं वय वंदन कार्ड, पोषण आहार बॉक्स, श्रमिक पंजीयन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास (ग्रामीण) के तहत मकान की चाबी एवं प्रमाण पत्र, मछली जाल और आइस बॉक्स का वितरण किया गया।
कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने अन्नप्राशन कार्यक्रम में शामिल होकर गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार लेने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह भी दी।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिविर में शुगर, बीपी सहित अन्य बीमारियों की निःशुल्क जांच की गई। पशुपालन विभाग ने बकरी, कुक्कुट पालन, दुग्ध उत्पादन और पशु रोगों से बचाव की जानकारी दी। पुलिस विभाग ने यातायात नियमों के प्रति जागरूकता अभियान चलाते हुए हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने की अपील की। वहीं उद्योग विभाग ने विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के तहत उपलब्ध ऋण की जानकारी दी।
शिविर स्थल पर शासकीय योजनाओं पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी गई, जिसने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। क्लस्टर स्तर पर आयोजित इस शिविर में पटमा, गणेशपुर, जिलीबांध, तामडांड, कदमबहरा, बंजारीडांड, गढ़तर, गोविन्दपुर, सोंस, करवां, चिरमी, पडिता, खंधौरा और इंदरपुर सहित आसपास के गांवों के ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
जनपद पंचायत बैकुंठपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ए. पन्ना ने जानकारी दी कि शिविर में कुल 514 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 72 का मौके पर ही निराकरण किया गया। महतारी वंदन योजना के तहत बड़ी संख्या में महिलाओं ने शिविर स्थल पर ही ई-केवाईसी कराया, जबकि आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र एवं आधार से संबंधित सेवाओं के लिए भी लोगों की भीड़ देखी गई।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष मोहित पैकरा, जनपद अध्यक्ष, अपर कलेक्टर सुरेन्द्र वैद्य, एसडीएम बैकुंठपुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी- कर्मचारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।