जिला कांग्रेस कमेटी बलौदाबाजार-भाटापारा की अध्यक्ष सुश्री सुमित्रा घृतलहरे जी के नेतृत्व में बलौदाबाजार में आज “प्रधानमंत्री की अपील व बढ़ती महंगाई” के विरोध में एक महत्वपूर्ण जिला स्तरीय पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। प्रभारी के रूप में उपस्थित वरिष्ठ नेता व रायपुर पश्चिम विधानसभा के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने मुख्य रूप से पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले 2 माह से डीजल, पेट्रोल व गैस के संकट और महंगाई की मार झेल रहे देशवासियों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की अपील ने जख्मों पर नमक डालने का काम किया है।
प्रधानमंत्री की बेतुकी अपीलें: विकास उपाध्याय ने कहा कि प्रधानमंत्री ने किसानों को उर्वरक का उपयोग कम करने की सलाह दी है। देश के कामकाजी वर्ग को ‘वर्क फ्रॉम होम’ करने, महिलाओं को खाद्य तेल व गैस का कम उपयोग करने और लोगों को सोना न खरीदने तथा विदेश यात्रा न करने की अजीबोगरीब सलाह दी है।
मोदी किसानों से उर्वरक कम इस्तेमाल करने को कह रहे हैं, जबकि देश में पिछले सात सालों से इसकी भारी कमी है। छत्तीसगढ़ में 15 लाख मीट्रिक टन उर्वरक की आवश्यकता है, लेकिन अब तक केवल 51 हजार मीट्रिक टन ही सोसायटियों तक पहुंचा है। यानी 70 फीसदी उर्वरक अभी भी किसानों की पहुंच से दूर है, जिससे उनकी उत्पादकता घट रही है।
उपाध्याय आगे बताया कि 2013 की तुलना में बेतहाशा महंगाई बढ़ी है। मनमोहन सरकार की तुलना में मोदी राज में आवश्यक वस्तुओं के दाम आसमान छू रहे हैं। 2013 में 210 रुपये का आटा आज 530 रुपये, 410 रुपये का रसोई गैस सिलेंडर 1000 रुपये, 66 रुपये का पेट्रोल 100 रुपये और 52 रुपये का डीजल 95 रुपये तक पहुंच गया है।
सोने के दाम में भारी उछाल: 2013 में सोने की कीमत 28,500 से 29,600 रुपये प्रति 10 ग्राम थी। आज 2026 में यह कीमत 1,52,130 रुपये हो गई है। बीते 12 सालों में सोना 50 गुना महंगा हुआ है।
मोदी सरकार जनता की जेब पर डाका डाल रही है और विदेश यात्राओं में मोदी जी फिजूलखर्ची कर रहे हैं। बीते 12 सालों में पेट्रोलियम उत्पादों पर कर लगाकर जनता से 47 लाख करोड़ रुपये की लूट की गई है। जब क्रूड ऑयल सस्ता था तब भी देशवासियों को कोई राहत नहीं दी गई। एक ओर जनता त्रस्त है, वहीं प्रधानमंत्री अपनी 70 देशों की विदेश यात्राओं पर लगभग 815 करोड़ रुपये फूंक चुके हैं और उनके निजी विमान की कीमत ही 8400 करोड़ रुपये है।
मोदी सरकार ने 12 सालों में क्रूड ऑयल भंडारण का एक भी नया केंद्र नहीं बनाया। देश में मौजूद सभी 3 भंडारण केंद्र (विशाखापट्टनम, मंगलुरु, पाडुर कांग्रेस की यूपीए सरकार द्वारा ही बनाए गए थे।
आम आदमी हुआ कर्जदार: बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी के कारण आम लोगों की बचत घटी है, और घर चलाने व आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए उन्हें 77 प्रतिशत तक ऋण (लोन) लेना पड़ रहा है।
अर्थव्यवस्था में भारी गिरावट: मनमोहन सिंह जी की सरकार में देश दुनिया की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था था, जो मोदी राज में खिसक कर 6वें स्थान पर पहुंच गया है। प्रधानमंत्री से देश नहीं संभल रहा है।
श्री उपाध्याय ने कांग्रेस पार्टी की मांग को दोहराते हुए कहा कि प्रधानमंत्री देश की जनता को काम न करने और घर बैठने की सलाह देने के बजाय अपनी जिम्मेदारी निभाएं और पेट्रोल-डीजल से एक्साइज ड्यूटी कम कर आम जनता को महंगाई से तत्काल राहत प्रदान करें।
इस महत्वपूर्ण पत्रकार वार्ता में पूर्व जिला अध्यक्ष हितेंद्र ठाकुर, वरिष्ठ नेता परमेश्वर यदु, पूर्व जिला अध्यक्ष राकेश वर्मा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष विक्रम पटेल, जिला महामंत्री रामकुमार साहू, आर्यन शुक्ला, जितेंद्र नवरत्न, सिद्धांत मिश्रा, बलौदाबाजार ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष दीपक साहू, मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र जायसवाल , विजय साहू, शरद शुक्ला, अजय भारती, संजय सोनी, नीरज बांधे , विक्रम गिरी,मनोज प्रजापति,नीलेश बंजारे, धर्मेंद्र वर्मा व सभी कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।