प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना साहू बोलीं—महिलाओं के अधिकारों के प्रति भाजपा प्रतिबद्ध, विपक्ष ने रोका ऐतिहासिक अवसर
गरियाबंद। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय गरियाबंद में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक रंजना साहू ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर भाजपा का पक्ष विस्तार से रखा। उन्होंने इसे महिलाओं के राजनीतिक सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक और दूरगामी पहल बताते हुए कहा कि यह देश की आधी आबादी को नीति-निर्धारण की मुख्यधारा में शामिल करने का प्रयास है। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना साहू ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए उसे महिला विरोधी मानसिकता वाली पार्टी बताया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अधिकार, सम्मान और राजनीतिक भागीदारी देने की दिशा में भाजपा सरकार लगातार ऐतिहासिक फैसले ले रही है, जबकि कांग्रेस ने हमेशा महिला सशक्तिकरण के मुद्दे पर केवल राजनीति की है।
प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना साहू ने कहा कि भारत जैसे लोकतांत्रिक देश में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना समय की मांग रही है। भाजपा सरकार ने इस दिशा में गंभीर प्रयास करते हुए महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में पर्याप्त प्रतिनिधित्व दिलाने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक विधेयक नहीं, बल्कि देश की माताओं, बहनों और बेटियों के सम्मान, अधिकार और आत्मनिर्भरता से जुड़ा विषय है।
पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वर्षों तक महिलाओं के अधिकारों की बात करने वाला विपक्ष जब वास्तविक निर्णय लेने का समय आया, तब अपने राजनीतिक स्वार्थ के कारण पीछे हट गया। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ने तकनीकी बहानों और भ्रामक मुद्दों के सहारे इस महत्वपूर्ण सुधार को बाधित करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि देश की महिलाओं को लंबे समय से इस तरह के ऐतिहासिक निर्णय का इंतजार था, लेकिन विपक्ष की नीतियों और रवैये के कारण यह प्रक्रिया बार-बार अटकती रही। भाजपा ने हमेशा महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी है और इसी सोच के साथ यह अधिनियम लाया गया।
प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना साहू ने यह भी कहा कि भाजपा के लिए यह मुद्दा राजनीति से ऊपर है। पार्टी का उद्देश्य केवल श्रेय लेना नहीं, बल्कि महिलाओं को उनका अधिकार दिलाना है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा पिछले वर्षों में महिलाओं के कल्याण के लिए कई योजनाएं संचालित की गई हैं, जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार आया है और वे आत्मनिर्भर बनी हैं। उन्होंने विपक्ष के रुख को महिलाओं के प्रति नकारात्मक बताते हुए कहा कि इससे उनके राजनीतिक प्रतिनिधित्व को नुकसान पहुंचा है। साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि देश की महिलाएं ऐसे प्रयासों को समझती हैं और भविष्य में इसका उचित जवाब देंगी।
पत्रकार वार्ता के अंत में प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक रंजना साहू ने कहा कि भाजपा महिलाओं के उत्थान, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी का संकल्प है कि देश की हर महिला को समान अवसर और निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर, महामंत्री डॉ आशीष शर्मा, प्रदेश सह समन्वयक एवं नारी शक्ति वंदन प्रभारी गरियाबंद माधुरी साहू, मंत्री सुरेन्द्र सोनटेके, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष बिंदु सिन्हा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष लालिमा पारस ठाकुर, राधेश्याम सोनवानी, रितेश यादव, जीवन एस साहू, नेहा जॉन, माही यादव मौजूद थे।