पत्थलगांव में पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव की तैयारी तेज – सेक्टर अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण

पत्थलगांव (दिपेश रोहिला)। पत्थलगांव विकासखंड में आगामी नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत आम चुनाव की तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। इसी क्रम में सेक्टर अधिकारियों और मास्टर ट्रेनर्स के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सुश्री आकांक्षा त्रिपाठी की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में तहसीलदार प्रांजल मिश्रा, अति तहसीलदार श्रीमती उमा सिंह और जनपद सीईओ वी.के. राठौर भी शामिल हुए।

प्रशिक्षण के दौरान जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर श्री राठिया, श्री पाटले और श्री शशि मार्कण्डेय ने अधिकारियों को चुनाव प्रक्रिया की बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने लोक आम निर्वाचन और स्थानीय निकाय चुनावों के बीच के महत्वपूर्ण अंतर को स्पष्ट किया। प्रशिक्षण में अधिकारियों को चुनाव के पहले की तैयारी, मतदाता सूची की समीक्षा और मतदान प्रक्रिया के विभिन्न चरणों पर विस्तार से जानकारी दी गई।

मास्टर ट्रेनर्स ने सभी अधिकारियों को आदर्श आचरण संहिता का पालन करने की सख्त हिदायत दी। चुनाव के दौरान निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

Related News

सुश्री आकांक्षा त्रिपाठी ने प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव के सफल आयोजन के लिए सभी अधिकारियों का प्रशिक्षित और तैयार रहना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण से अधिकारियों को चुनाव प्रक्रिया में आने वाली चुनौतियों का सामना करने के लिए आवश्यक ज्ञान और अनुभव प्राप्त होगा।

इस प्रशिक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि आगामी पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव निष्पक्ष और सुचारू रूप से संपन्न हों।

Related News