अम्बिकापुर। सरगुजा जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम कसने के लिए पुलिस प्रशासन सख्त रुख अपनाए हुए है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में यातायात पुलिस ने ‘ड्रंक एंड ड्राइव’ के खिलाफ बड़ी कार्यवाही की है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले एक स्कार्पियो चालक और दो बाइक सवारों को पकड़ा, जिन पर माननीय न्यायालय ने कुल 30,000 रुपये का अर्थदंड लगाया है।
ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट में खुले राज यातायात पुलिस टीम द्वारा चेकिंग के दौरान स्कार्पियो (JH 07 K 8666) को रुकवाया गया। चालक दिलीप कुजूर (30 वर्ष), निवासी कुन्नी, शराब के नशे में धुत्त पाया गया। ब्रेथ एनालाइजर से जांच करने पर इसकी पुष्टि हुई। इसी तरह, मोटरसाइकिल चालक सूरज कुमार देवांगन (22 वर्ष), निवासी रघुनाथपुर और भैया सतीश कुमार (39 वर्ष), निवासी जोड़ापीपल को भी शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया।
कोर्ट ने सुनाया जुर्माना पुलिस ने तीनों वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत मामला दर्ज कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यायालय ने प्रत्येक चालक पर 10,000-10,000 रुपये का जुर्माना लगाया। इस प्रकार कुल 30,000 रुपये का अर्थदंड वसूला गया।
लगातार जारी रहेगी कार्यवाही यातायात शाखा प्रभारी विजय कैवर्त ने बताया कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आगे भी इसी तरह की सख्त कार्यवाही जारी रहेगी। इस पूरी कार्यवाही में उप निरीक्षक अभय तिवारी, सहायक उप निरीक्षक सी.पी. सिंह, सिदयुस लकड़ा, चंद्रप्रकाश केरकेट्टा और पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही