सक्ती। सक्ती प्रवास के दौरान कोरबा लोकसभा सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत ने केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है। NEET परीक्षा में हुई अनियमितताओं और पेपर लीक मामले को लेकर बड़ा बयान देते हुए उन्होंने कहा कि मोदी सरकार युवाओं और छात्रों के भविष्य को बर्बााद करने में लगी हुई है।
सांसद महंत ने कहा कि नीट पेपर लीक मामले और परीक्षा में हुई गड़बड़ियों को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र लगातार आंदोलन कर रहे हैं। इसके समर्थन में जब कांग्रेस सांसदों द्वारा सदन में आवाज उठाने की कोशिश की गई, तो सदन में बात नहीं करने दी गई। इसके बाद जब प्रधानमंत्री निवास पहुंचकर अपनी बात रखने का प्रयास किया गया, तो पुलिस द्वारा बर्बरतापूर्वक लाठियां बरसाई गईं। इस लाठीचार्ज में खुद सांसद ज्योत्सना महंत के दोनों हाथों में गंभीर चोटें आई हैं।
उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि दिल्ली पुलिस द्वारा छात्रों के ‘संसद मार्च’ के दौरान किए गए लाठीचार्ज में सैकड़ों छात्र प्रभावित हुए हैं और पुलिस की भीड़ में आरएसएस के गुंडे शामिल होकर सांसदों पर लाठियां बरसा रहे थे, जो कि लोकतंत्र की हत्या है।
सांसद महंत ने कहा कि इस बार अगर नीट परीक्षा में धांधली नहीं होती तो छत्तीसगढ़ के कई और प्रतिभावान युवाओं का चयन होता। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के तुरंत इस्तीफे की मांग की है और पूरी परीक्षा प्रक्रिया में सुधार की बात कही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल छात्रों के समर्थन में लगातार खड़े रहेंगे और निष्पक्ष जांच की मांग जारी रखेंगे।