बलौदा बाजार। अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड (कुकुरडीह सीमेंट वर्क्स) के निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) विभाग द्वारा क्षेत्र में कृषि सिंचाई सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से ग्राम ढनढनी में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान शाकंभरी योजना के अंतर्गत निकटवर्ती 6 गांवों के 40 किसानों को पेट्रोल (वॉटर लिफ्टिंग) पंप एवं मोनोब्लॉक का वितरण किया गया।
यह पहल शासन अनुदान, किसान अंशदान और अल्ट्राटेक सीमेंट के वित्तीय सहयोग की त्रिपक्षीय सहभागिता से संभव हुई है। इस सहयोग से किसानों को आधुनिक सिंचाई संसाधन सुलभ हुए हैं, जो जल प्रबंधन और फसल उत्पादकता बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएंगे।

कार्यक्रम में उपस्थित कृषि अधिकारी सचिन वर्मा ने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों और शाकंभरी योजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्षा की अनिश्चितता को देखते हुए सिंचाई के वैकल्पिक साधनों का उपयोग बेहद आवश्यक है। यह वॉटर लिफ्टिंग पंप किसानों को समय पर सिंचाई की सुविधा देंगे, जिससे फसल उत्पादन और कृषि आय में वृद्धि होगी। उन्होंने पंपों के सुरक्षित संचालन और रखरखाव के संबंध में भी निर्देश दिए।
इस अवसर पर CSR प्रमुख राजेंद्र कुशवाहा ने लाभान्वित किसानों को बधाई देते हुए कहा कि कृषि ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। किसानों की समृद्धि से ही क्षेत्र का समग्र विकास संभव है। अल्ट्राटेक सीमेंट अपने CSR कार्यक्रमों के जरिए किसानों की आजीविका को मजबूत करने और ग्रामीण विकास को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में ग्राम सेवक शिव वर्मा, ढनढनी सरपंच प्रतिनिधि रंजीत ध्रुव, उपसरपंच भूपेंद्र साहू, सरकीपार सरपंच प्रतिनिधि राकेश वर्मा, कुकुरदी सरपंच प्रतिनिधि गोपाल साहू समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं किसान मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में CSR टीम के दयाराम वर्मा, परमेश्वर साहू, दुर्गा प्रसाद तथा पंचायत प्रतिनिधियों का विशेष सहयोग रहा।