मेकाहारा के इमरजेंसी वार्ड में अचानक भड़की आग, मरीजों को शिफ्ट कर बचाई जान

रायपुर: राजधानी के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल डॉ. भीमराव आंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा) के इमरजेंसी वार्ड में मंगलवार को अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की लपटें देखते ही कैजुअल्टी वार्ड में अफरा-तफरी मच गई और मरीजों व उनके परिजनों के बीच चीख-पुकार का माहौल बन गया।

घटना की खबर मिलते ही अस्पताल प्रशासन ने तत्काल मोर्चा संभाला। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इमरजेंसी में भर्ती मरीजों को तेजी से दूसरे वार्डों में शिफ्ट किया गया। सूचना पाकर दमकल विभाग की कई गाड़ियां और मौदहापारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।

शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि अस्पताल प्रबंधन और पुलिस प्रशासन मामले की विस्तृत जांच में जुटा हुआ है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई भी जनहानि या चोटिल होने की खबर नहीं है। प्रदेश के सबसे बड़े अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में हुई इस घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *