डोंगरगढ़: धर्मनगरी डोंगरगढ़ के सबसे व्यस्त और रिहायशी इलाके बुधवारी पारा में बीती रात चोरों ने जमकर उत्पात मचाया। वार्ड क्रमांक 15 स्थित डॉ. सचदेव गली में हुई इस वारदात ने शहरवासियों की नींद उड़ा दी है। घनी आबादी के बीच दो नकाबपोश चोरों ने एक घर को निशाना बनाया, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
छत के रास्ते घर में घुसे दो चोर मिली जानकारी के मुताबिक, बुधवारी पारा निवासी दिनेश कुमार साहू के घर में देर रात दो अज्ञात बदमाश छत के रास्ते दाखिल हो गए। यह पूरी घटना मोहल्ले में लगे अलग-अलग सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गई है। अब तक करीब आठ फुटेज सामने आए हैं, जिनमें दोनों संदिग्ध बिना किसी डर के गलियों में रेकी करते और फिर पाइप के सहारे छत पर चढ़ते साफ नजर आ रहे हैं।
शहर के बीचोंबीच वारदात से उठे सवाल हैरानी की बात यह है कि बुधवारी पारा डोंगरगढ़ का हृदय स्थल माना जाता है। यहां देर रात तक लोगों और गाड़ियों की आवाजाही रहती है। ऐसे सघन इलाके में चोरों का घंटों तक घूमना और चोरी की कोशिश करना पुलिसिया गश्त पर गंभीर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों में पुलिस के प्रति भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि अगर शहर के बीच का इलाका ही सुरक्षित नहीं है, तो बाहरी वार्डों का क्या हाल होगा।
दहशत में मोहल्लेवासी घटना के बाद से डॉ. सचदेव गली और आसपास के लोग सहमे हुए हैं। स्थानीय निवासी अब रात में घरों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। लोगों का आरोप है कि पुलिस की रात की गश्त केवल कागजों तक सीमित है, जिसका फायदा उठाकर अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
पुलिस ने शुरू की तलाश मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। डोंगरगढ़ एसडीओपी केसरीनंदन नायक ने बताया कि फुटेज के आधार पर हुलिए का मिलान किया जा रहा है। संदिग्धों की धरपकड़ के लिए टीम बना दी गई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही दोनों आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।
फिलहाल, डोंगरगढ़ पुलिस ने शहर के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ाने का आश्वासन दिया है, लेकिन जनता अब ठोस कार्रवाई का इंतजार कर रही है।