रायपुर। नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) के रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं ने शहर में बढ़ते ध्वनि प्रदूषण के मुद्दे को लेकर प्रशासन के खिलाफ आवाज उठाई है। कार्यकर्ताओं ने अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, रायपुर नगर को ज्ञापन सौंपकर इस समस्या पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
यह ज्ञापन एनएसयूआई के विधानसभा उपाध्यक्ष आशीष बाजपाई के नेतृत्व में सौंपा गया। ज्ञापन में बताया गया कि थाना तेलीबांधा क्षेत्र में संचालित Piano Project और Rasta Restaurant सहित नवा रायपुर स्थित Else Where Cafe तथा अन्य खुले क्षेत्र में संचालित क्लब एवं रेस्टोरेंट रात 10 बजे के बाद भी तेज ध्वनि में डीजे और संगीत का संचालन कर रहे हैं।

एनएसयूआई ने इसे Noise Pollution (Regulation and Control) Rules, 2000 और सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों का उल्लंघन बताया है। संगठन का कहना है कि इस तरह के ध्वनि प्रदूषण से स्थानीय नागरिकों, खासकर बुजुर्गों, बच्चों और मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
आशीष बाजपाई ने प्रशासन से मांग की है कि रात 10 बजे के बाद ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर सख्ती से प्रतिबंध लागू किया जाए और नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाए। साथ ही क्षेत्र में नियमित निगरानी सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है।
एनएसयूआई ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन आम नागरिकों के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेगा।
इस दौरान एनएसयूआई ज़िला सचिव खुशराज ढील्लन, महाविद्यालय अध्यक्ष अनिकेत महतो, महासचिव साहिल राजा सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।