रामनवमी के उपलक्ष्य पर निकली भगवान श्रीराम की भव्य सवारी, जयकारों से गूंजा पूरा अंचल

डीजे धुमाल, अखाड़ा दल और आतिशबाजी बने आकर्षण का केंद्र।गरियाबंद। रामनवमी के पावन अवसर पर शहर में भगवान श्रीराम की भव्य सवारी निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साह और श्रद्धा के साथ भाग लिया। सवारी के दौरान पूरा नगर राममय हो गया और जय श्रीराम के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। हर साल की तरह ही इस साल भी हिंदू रक्षा मंच के तत्वाधान में भव्य आयोजन किया गया था।

भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी की सुंदर झांकी आकर्षण का केंद्र रही। सवारी में शामिल श्रद्धालु भक्ति गीतों और डीजे धुमाल पर झूमते नजर आए। वहीं अखाड़ा दल द्वारा प्रस्तुत हैरतअंगेज करतबों ने लोगों का मन मोह लिया। पारंपरिक व्यायाम कला का प्रदर्शन देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। सवारी के दौरान विभिन्न स्थानों पर आतिशबाजी भी की गई, जिससे माहौल और भी उत्सवमय हो गया।

नगर के प्रमुख चौक-चौराहों पर स्वागत मंच बनाकर श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर भगवान श्रीराम की सवारी का स्वागत किया।इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी रामनवमी पर भव्य सवारी निकाली गई, जिसमें नगरवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला और रामनवमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *