बिहार की राजनीति में नीतीश युग का समापन, आज देंगे मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा

बिहार की राजनीति में आज एक बड़े अध्याय का समापन हो रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को पटना में आखिरी कैबिनेट बैठक आयोजित की गई। इस बैठक के दौरान मुख्यमंत्री काफी भावुक नजर आए। बैठक समाप्त होने के बाद नीतीश कुमार आज ही राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपेंगे, जिसके बाद राज्य में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।

नीतीश कुमार की अध्यक्षता वाली इस अंतिम कैबिनेट बैठक में कोई विशेष एजेंडा नहीं रखा गया था। बैठक में सभी मंत्री और सहयोगी दल मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने सभी सहयोगियों को धन्यवाद दिया और आने वाली नई सरकार के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं। सचिवालय में बैठक के बाद मंत्रियों और अधिकारियों के बीच नीतीश कुमार के साथ सेल्फी लेने और सामूहिक फोटो खिंचवाने की होड़ मची रही।

जानकारी के अनुसार, बिहार में कल बुधवार को नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जा सकता है। नई सरकार में एक मुख्यमंत्री के साथ दो उपमुख्यमंत्री शपथ लेंगे। राज्य में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने का रिकॉर्ड बनाने वाले नीतीश कुमार के बाद अब भारतीय जनता पार्टी की अगुवाई में सरकार बनने का रास्ता साफ हो गया है। उल्लेखनीय है कि पिछले हफ्ते ही नीतीश कुमार ने राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली थी।

संवैधानिक प्रक्रिया के तहत मुख्यमंत्री राज्यपाल से मिलने से पहले अपने मंत्रिमंडल को भंग करने के फैसले की जानकारी देते हैं। बिहार की 243 सदस्यीय विधानसभा में 89 विधायकों के साथ भाजपा सबसे बड़ी पार्टी है। भाजपा विधायक दल की बैठक आज दोपहर 3 बजे पार्टी कार्यालय में होगी, जिसमें नेता का चुनाव किया जाएगा। इस प्रक्रिया के लिए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पर्यवेक्षक के तौर पर पटना भेजा गया है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *