एमसीबी जिला। कोरिया जिले के सोनहत थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नौगई में हुए बहुचर्चित हत्याकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में फरार चल रहे चार आरोपियों ने मनेन्द्रगढ़ थाना कोतवाली पहुंचकर पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है।
गौरतलब है कि 16 जून की रात नौगई गांव में पुरानी रंजिश और विवाद के चलते दो पक्षों के बीच हिंसक संघर्ष हुआ था। घटना में भाजपा नेता सहित तीन लोगों को कार में पेट्रोल डालकर आग के हवाले किए जाने का आरोप लगाया गया था, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई थी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हत्या, षड्यंत्र सहित अन्य गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार पुलिस टीमें दबिश दे रही थीं।
पुलिस अधीक्षक रतन सिंह ने बताया कि घटना के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। इसी क्रम में चार आरोपियों ने मनेन्द्रगढ़ थाना कोतवाली पहुंचकर आत्मसमर्पण किया है। आत्मसमर्पण करने वालों में मनोज त्रिपाठी, अमन त्रिपाठी, आशुतोष त्रिपाठी और निशांत त्रिपाठी शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सभी आरोपी एक ही परिवार और खानदान से संबंधित हैं। मामले में आगे की कार्रवाई कोरिया पुलिस द्वारा की जाएगी। वहीं, एक अन्य आरोपी अभी भी फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार जुटी हुई है।