भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है। बुधवार को मानसून सागर और भोपाल संभाग के कई जिलों तक पहुंच गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि गुरुवार को यह उज्जैन और ग्वालियर-चंबल संभाग में भी दस्तक दे सकता है।
प्रदेश के कई जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है।
6 जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने हरदा, नर्मदापुरम, रायसेन, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा और बालाघाट में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान 4 से 8 इंच तक बारिश होने की संभावना जताई गई है।
इन जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट
अशोकनगर, देवास, खंडवा, बैतूल, सागर, मंडला और डिंडौरी में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा, सतना, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, धार, झाबुआ, खरगोन, बड़वानी, रतलाम, मंदसौर, नीमच, राजगढ़, विदिशा, सीहोर समेत कई जिलों में गरज-चमक और तेज हवा के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।
इंदौर में बारिश से बिगड़े हालात
बुधवार को इंदौर के कई इलाकों में तेज बारिश हुई। वार्ड क्रमांक 80 में बारिश का पानी दुकानों में घुस गया, जबकि कई सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई।
बारिश के दौरान एक थार वाहन नाले में गिर गया। वाहन में एक ही परिवार के लोग सवार थे। स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद कर सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।
तेज बहाव में बहे 2 युवक
इंदौर के द्वारकापुरी थाना क्षेत्र के अहीरखेड़ी-काकड़ इलाके में रपटा पार करते समय 2 बाइक सवार तेज बहाव में बह गए।
दोनों युवकों की उम्र 20 से 22 वर्ष बताई जा रही है। इनमें मनीष को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि महेश तेज बहाव में लापता हो गया। पुलिस और बचाव दल उसकी तलाश में जुटे हुए हैं।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
मौसम विभाग ने लोगों से नदी, नाले और पुलिया पार करते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। भारी बारिश के दौरान जलभराव वाले इलाकों और तेज बहाव वाले स्थानों से दूर रहने की अपील भी की गई है।