विधायक देवेंद्र यादव की भेंट-मुलाकात: बापूनगर में गंदे पानी की समस्या पर कलेक्टर को लगाया फोन, गुरुद्वारे में टेका मत्था

रमेश गुप्ता भिलाई। सेक्टर-5 स्थित विधायक देवेंद्र यादव कार्यालय में रोज की तरह आज भी भेंट-मुलाकात के लिए उपस्थित रहे , जिसमें भिलाई के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। विधायक ने एक-एक कर सभी की बात सुनी और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस दौरान सेक्टर-3 एवं वार्ड-43 बापूनगर के रहवासियों ने गंदे पानी की गंभीर समस्या से अवगत कराया। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि लंबे समय से दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। समस्या की गंभीरता को देखते हुए विधायक ने तत्काल जिला कलेक्टर से फोन पर चर्चा कर शीघ्र समाधान के निर्देश दिलवाए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में निगम क्षेत्र, ग्रामीण इलाकों सहित विभिन्न वार्डों से आए लोगों ने सड़क, बिजली, पानी, सफाई, आवास सहित अन्य समस्याएं रखीं। विधायक ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए और आश्वासन दिया कि जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।


कार्यक्रम के बाद विधायक बापूनगर स्थित गुरुद्वारा पहुंचे, जहां प्रकाश पर्व के अवसर पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने गुरुद्वारे में मत्था टेककर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की तथा संगत के साथ समय बिताया। इस अवसर पर उन्होंने सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाने का संदेश भी दिया।
विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि वे निरंतर जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध हैं और भिलाई के समग्र विकास के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *