50वें जन्मदिन पर भावुक हुए विधायक अनुज शर्मा, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी में मनाया हाफ सेंचुरी का जश्न

रायपुर। छत्तीसगढ़ी सिनेमा के महानायक, पद्मश्री से सम्मानित और धरसींवा के क्षेत्रीय विधायक अनुज शर्मा का 50वां जन्मदिन बेहद ऐतिहासिक और सेवा के संकल्पों के साथ मनाया गया। उनके जीवन का यह पड़ाव ‘डबल सेलिब्रेशन’ के रूप में तब्दील हो गया, क्योंकि इसी वर्ष उन्होंने छत्तीसगढ़ी सिनेमा में अपनी कला यात्रा के शानदार 25 वर्ष भी पूरे कर लिए हैं। इस दोहरे अवसर को उन्होंने चकाचौंध के बजाय पूरी तरह से ‘सेवा और कृतज्ञता’ को समर्पित किया। इस गरिमामयी और यादगार समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और विधायक अनुज शर्मा के उज्ज्वल भविष्य व दीर्घायु की कामना की।

“अनुज सही मायनों में जनता के महानायक”: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विधायक अनुज शर्मा की जमकर सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा, “अनुज सही मायनों में जनता के महानायक हैं। आज जिस तरह से विकास कार्यों से प्रभावित होकर सैकड़ों लोगों ने भाजपा पर भरोसा जताया है, वह इस बात का प्रमाण है कि क्षेत्र में विकास की बयार बह रही है। अनुज जी ने विधायक के रूप में इस क्षेत्र की तस्वीर बदली है और संगठन को एक नई मजबूती दी है।” मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि कला के माध्यम से समाज को जोड़ने और अपनी माटी की कहानियों को विश्व पटल पर ले जाने का अनुज जी का प्रयास अद्भुत है।

“जब तक सांस है, धरसींवा की सेवा करता रहूँगा”: अनुज शर्मा
मुख्यमंत्री और जनता का आभार व्यक्त करते हुए विधायक अनुज शर्मा बेहद भावुक हो गए। उन्होंने कहा, “आज मेरे पास शब्द कम हैं और भावनाएं ज्यादा हैं। लोग कहते हैं कि आज मैंने आधा शतक पूरा कर लिया है, लेकिन ये 50 साल मुझे साल नहीं लगते; ये तो आप सबके आशीर्वाद की वो अनगिनत बूंदें हैं, जिनसे आज अनुज शर्मा नाम का सागर बना है।” उन्होंने आगे कहा, “मैंने अपना जीवन रंगमंच से शुरू किया। आप लोगों ने मुझे ‘मोर छइयाँ भुइयाँ’ से लेकर आज तक जो प्यार दिया, उसने मुझे एक कलाकार बनाया। पर धरसीवाँ की इस पावन माटी ने मुझे कलाकार से ‘बेटा’ और ‘भाई’ बना दिया। जब तक सांस रहेगी, मैं अपनी संस्कृति, अपनी भाषा और अपनी माटी की सेवा करता रहूंगा।”

सेवा और सामाजिक सरोकार की अनूठी मिसाल
जन्मदिन के अवसर पर ‘अनुज फैंस क्लब’ द्वारा आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में सामाजिक जिम्मेदारी की नई मिसाल पेश की गई:

शिक्षा को प्रोत्साहन: क्षेत्र के 63 मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया। वहीं, कक्षा 12वीं में प्रदेश में 5वां स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा कु. हेमलता साहू को नकद पुरस्कार देने के साथ ही विधायक की पहल पर ‘सारडा एनर्जी’ संस्थान द्वारा उसकी आगे की पूरी पढ़ाई का खर्च उठाने का निर्णय लिया गया।

स्वास्थ्य और सहायता: औद्योगिक संस्थान सारडा एनर्जी द्वारा क्षेत्र के लिए 10 लाख रुपये की सोनोग्राफी मशीन समर्पित की गई। इसके अलावा, 10 से अधिक दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल और व्हीलचेयर जैसी आवश्यक सहायक सामग्री बांटी गई।

वरिष्ठों का सम्मान: समाज निर्माण में अनुकरणीय योगदान देने वाले 60 से अधिक समाज प्रमुखों एवं वरिष्ठजनों का शाल-श्रीफल भेंटकर नागरिक अभिनंदन किया गया।

राजनीतिक फेरबदल: 60 सरपंचों सहित 250 कार्यकर्ताओं ने थामा भाजपा का दामन
विधायक अनुज शर्मा की जनसेवा और विकासपरक सोच से प्रभावित होकर क्षेत्र में एक बड़ा राजनीतिक परिवर्तन देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के 60 सरपंचों सहित 250 से अधिक सक्रिय कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस व अन्य दलों का दामन छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विधायक अनुज शर्मा ने सभी को पार्टी का गमछा पहनाकर भाजपा परिवार में स्वागत किया।

शॉर्ट फिल्म ‘महानायक’ और फिल्म ‘सुहाग’ का ओटीटी लॉन्च
इस ऐतिहासिक अवसर को और यादगार बनाने के लिए विधायक अनुज शर्मा के जीवन, कड़े संघर्ष और जनसेवा की यात्रा पर आधारित एक विशेष शॉर्ट फिल्म ‘महानायक’ का वीडियो लॉन्च किया गया। इसके साथ ही, दर्शकों की बहुप्रतीक्षित छत्तीसगढ़ी फिल्म ‘सुहाग’ को भी आधिकारिक तौर पर ओटीटी (OTT) प्लेटफॉर्म पर रिलीज किया गया, जिसे प्रशंसकों ने बेहद सराहा।

इस गरिमामयी समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, गुरु ख़ुशवंत साहेब, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक रोहित साहू, संपत अग्रवाल, अनुराग सिंह देव, मोना सेन, संदीप साहू, देवेंद्र यादव, राजेश मूणत, सुनील सोनी, नारायण चंदेल सहित राजनीतिक जगत के वरिष्ठ नेताओं, छालीवुड फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज कलाकारों और हजारों की संख्या में आम जनता ने उपस्थित होकर अपनी शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *