रायपुर। छत्तीसगढ़ी माटी के सपूत और धरसींवा के विधायक अनुज शर्मा का 50वां जन्मदिन क्षेत्र के लिए बड़े विकास कार्यों और एक बड़े राजनीतिक उलटफेर का गवाह बना। इस भव्य गरिमामयी समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित राजनीतिक जगत के कई दिग्गज और हजारों की संख्या में आम जनता शामिल हुई। विधायक अनुज शर्मा की विकासपरक सोच और जनता के प्रति समर्पण का असर इस ऐतिहासिक आयोजन में साफ देखने को मिला।
जन्मदिन पर क्षेत्र को मिली बड़ी सौगातें, मेधावी छात्रा की पढ़ाई का जिम्मा
विधायक अनुज शर्मा के जन्मदिन को सामाजिक सरोकार से जोड़ते हुए क्षेत्र के विकास और शिक्षा के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं:
सोनोग्राफी मशीन की सौगात: क्षेत्र की जनता की स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए औद्योगिक संस्थान ‘सारडा एनर्जी’ द्वारा ₹10 लाख की लागत वाली आधुनिक सोनोग्राफी मशीन क्षेत्र को समर्पित की गई।
बेटी की पढ़ाई का खर्च: कक्षा 12वीं में पूरे प्रदेश में 5वां स्थान हासिल करने वाली होनहार छात्रा कु. हेमलता साहू को कार्यक्रम में नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही, विधायक अनुज शर्मा की विशेष पहल पर ‘सारडा एनर्जी’ संस्थान ने हेमलता की आगे की पूरी पढ़ाई का खर्च उठाने का बड़ा निर्णय लिया है।
बड़ा राजनीतिक फेरबदल: 60 सरपंचों सहित 250 कार्यकर्ताओं ने थामा भाजपा का दामन
विधायक अनुज शर्मा की जनसेवा और कार्यशैली से प्रभावित होकर धरसींवा क्षेत्र में एक बड़ा राजनीतिक परिवर्तन हुआ है। कार्यक्रम में आए अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में क्षेत्र के 60 सरपंचों सहित 250 से अधिक सक्रिय कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस और अन्य दलों को अलविदा कह दिया। इन सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विधायक अनुज शर्मा ने सभी का पार्टी का गमछा पहनाकर भाजपा परिवार में आत्मीय स्वागत किया।
दिग्गज नेताओं और छालीवुड कलाकारों का उमड़ा जनसैलाब
इस भव्य आयोजन में राजनीतिक जगत के वरिष्ठ नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और छालीवुड (छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्री) के दिग्गज कलाकारों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, गुरु खुशवंत साहेब, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक रोहित साहू, संपत अग्रवाल, अनुराग सिंह देव, मोना सेन, संदीप साहू, देवेंद्र यादव, राजेश मूणत, सुनील सोनी और नारायण चंदेल सहित हजारों की संख्या में क्षेत्र की जनता मौजूद रही, जिन्होंने अपने चहेते विधायक को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।