कपड़ा व्यापारी पर बदमाशों ने की फायरिंग, चोरी से रोके जाने पर बदमाशों ने चलाई गोली…

मुरैना। मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में एक कपड़ा व्यापारी पर गोली चलने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। अंबाह थाना क्षेत्र में बदमाशों ने दुकान के बाहर फायरिंग की और बाइक से मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

इस फायरिंग में कपड़ा व्यापारी प्रकाश कटारिया बाल-बाल बच गए। प्रकाश कटारिया अंबाह में ‘प्रकाश फैशन प्वाइंट’ नाम से कपड़े की दुकान संचालित करते हैं। बताया जा रहा है कि दो बदमाश बाइक पर सवार होकर आए थे।

जानकारी के अनुसार, व्यापारी ने बदमाशों को एक कार से बैटरी चोरी करने से रोका था, इसी बात से नाराज़ होकर बदमाशों ने दुकान के बाहर फायरिंग कर दी। फायरिंग की पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

पीड़ित व्यापारी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *