कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 की मेजबानी भारत को मिलने पर मंत्री सारंग ने दी शुभकामनाएं, बताया राष्ट्रगौरव का विषय

भोपाल. सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने भारत को कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 की मेजबानी मिलने पर गहरी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे देश के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। मंत्री सारंग ने कहा कि यह निर्णय भारत की खेल जगत में बढ़ती प्रतिष्ठा और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलों के क्षेत्र में किए जा रहे निरंतर सुधारों का प्रत्यक्ष परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में खेल संस्कृति के उन्नयन और खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए जो कार्य किए हैं, कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 की मेजबानी मिलना उसी का सजीव उदाहरण है। हिंदुस्तान अब विश्व पटल पर खेलों के क्षेत्र में अपना मजबूत दबदबा स्थापित कर चुका है।

यह उपलब्धि देश में खेलों के उन्नयन के लिए मील का पत्थर होगी साबित


मंत्री सारंग ने उल्लेख किया कि कॉमनवेल्थ गेम्स का आयोजन भारत में खेल अधोसंरचना को नया आयाम देगा और यह देशभर में प्रतिभावान युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरक सिद्ध होगा। यह आयोजन देश में खेलों के उन्नयन और विस्तार के लिए मील का पत्थर साबित होगा। इससे भारत की वैश्विक छवि और अधिक सुदृढ़ होगी तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हमारे सम्मान में वृद्धि होगी।

भारत अपनी खेल क्षमताओं को विश्व के सामने करेगा प्रदर्शित

मंत्री सारंग ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को साधुवाद देते हुए केंद्रीय खेल मंत्री श्री मनसुख मांडविया के प्रति आभार व्यक्त किया। मंत्री श्री सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में विकास और कल्याण की राजनीति लगातार गतिशील हो रही है और भारत का मान-सम्मान विश्व में नई ऊँचाइयाँ छू रहा है। उन्होंने कहा कि कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 का भारत में आयोजन न केवल देश की खेल क्षमताओं को विश्व सामने प्रदर्शित करेगा बल्कि करोड़ों युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित कर राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *