अमरकंटक में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री तक गिरा, शीतलहर का बढ़ता असर

रायपुर। नए साल की शुरुआत के साथ उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं ने पेंड्रा-अमरकंटक क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया है। 31 दिसंबर की रात से तापमान में निरंतर गिरावट दर्ज की जा रही है, जिसके कारण आज सुबह न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में लगभग 2 डिग्री की और कमी होने की संभावना है, जिससे क्षेत्र में शीतलहर का प्रभाव और बढ़ जाएगा।

अमरकंटक के कई हिस्सों में सुबह ओस की बूंदें जम जाने से सड़कों और खेतों पर पाला की हल्की परत दिखाई दी। लगातार गिरते तापमान ने आम जनजीवन को प्रभावित किया है। सुबह के समय बाजारों में सन्नाटा छाया रहा, जबकि लोग अलाव जलाकर और गर्म पेय पीकर ठंड से राहत पाने का प्रयास करते नजर आए।

इसके बावजूद नए साल के पहले दिन अमरकंटक में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। नर्मदा उद्गम स्थल पर दर्शन और पूजन के लिए दूर-दूर से लोग पहुंचे। पेंडरिया विधायक भावना बोहरा भी नए साल का उत्सव मनाने अमरकंटक आईं और मंदिरों में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक तापमान में और गिरावट की चेतावनी दी है। इस स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और ठंड से बचाव की आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *