मनेंद्रगढ़ को मिली न्यायिक सौगात : कुटुंब न्यायालय भवन और आवासीय कॉलोनी का हुआ लोकार्पण

मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा ने वर्चुअल माध्यम से किया भूमिपूजन और शिलान्यास, न्यायिक व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम

एमसीबी/15 मई 2026/ छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा द्वारा शुक्रवार को मनेंद्रगढ़ जिले को बड़ी न्यायिक सौगात दी गई। सिविल कोर्ट परिसर मनेंद्रगढ़ में कुटुंब न्यायालय के नवीन भवन तथा जनकपुर में न्यायिक कर्मचारियों के लिए निर्मित होने वाली आवासीय कॉलोनी का वर्चुअल माध्यम से भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया गया। इस महत्वपूर्ण अवसर पर न्यायपालिका और प्रशासनिक अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य न्यायाधीश श्री रमेश सिन्हा ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य के सभी न्यायिक जिलों को बेहतर अधोसंरचना और आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि न्याय व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए गुणवत्तापूर्ण भवन, आवश्यक संसाधन और कर्मचारियों के लिए सुविधायुक्त आवास अत्यंत जरूरी हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि न्यायपालिका से जुड़े प्रत्येक हितधारक और आम जनता को बेहतर न्यायिक सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्य किया जाएगा।
उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि यह सप्ताह विभिन्न न्यायिक परियोजनाओं के शिलान्यास और भूमिपूजन का सप्ताह रहा है तथा आधुनिक न्यायिक अधोसंरचना विकसित करने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। मुख्य न्यायाधीश ने उम्मीद जताई कि मनेंद्रगढ़ में बनने वाला कुटुंब न्यायालय भवन एवं जनकपुर की आवासीय कॉलोनी निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ तैयार की जाएगी।

बेहतर न्यायिक अधोसंरचना से आमजन को मिलेगा त्वरित न्याय
मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि न्याय वितरण व्यवस्था को प्रभावी बनाने में बेहतर आधारभूत संरचना की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। आधुनिक न्यायालय भवनों और सुविधाओं के विस्तार से न्यायिक प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित, सुगम और पारदर्शी बनेगी। उन्होंने कहा कि न्यायपालिका का उद्देश्य केवल मामलों का निराकरण करना नहीं, बल्कि आम नागरिकों को सम्मानजनक और सहज न्यायिक वातावरण उपलब्ध कराना भी है।
कार्यक्रम में माननीय न्यायमूर्ति पार्थ प्रतीम साहू, न्यायाधीश छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय एवं पोर्टफोलियो न्यायाधीश जिला कोरिया की वर्चुअल माध्यम से गरिमामयी उपस्थिति रही। वहीं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश बैकुंठपुर द्वारा स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया गया।

जनकपुर में कर्मचारियों के लिए बनेगी आधुनिक आवासीय कॉलोनी
जनकपुर में न्यायिक कर्मचारियों के लिए बनने वाली आवासीय कॉलोनी को न्यायिक व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे कर्मचारियों को बेहतर आवासीय सुविधाएं मिलेंगी और कार्यक्षमता में वृद्धि होगी। न्यायिक अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार होने से न्यायिक कार्यों के संचालन में भी तेजी आएगी। इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय मनेंद्रगढ़ द्वारा आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का संचालन न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी बैकुंठपुर द्वारा किया गया।

न्यायपालिका और प्रशासनिक अधिकारियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में सिविल जिला कोरिया में पदस्थ न्यायिक अधिकारीगण, कलेक्टर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, अनुविभागीय दंडाधिकारी, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता, जिला अधिवक्ता संघ मनेंद्रगढ़ एवं बैकुंठपुर के अध्यक्ष और सचिव सहित बड़ी संख्या में अधिवक्तागण, पत्रकार एवं न्यायिक कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *