कोरिया जिले के सोनहत मुख्यालय से लगभग 5 किलोमीटर दूर प्राकृतिक सौंदर्य से घिरे घुनघुट्टा बांध के किनारे पर्यटन विभाग द्वारा विकसित किए गए आधुनिक रिसॉर्ट और कैंटीन की सेवाएं शुरू हो गई हैं। करोड़ों रुपये की लागत से तैयार इस पर्यटन स्थल ने क्षेत्र को नई पहचान दी है और अब यहां आने वाले पर्यटक जंगलों के बीच शांत वातावरण में ठहरने के साथ स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद भी ले रहे हैं।
घने जंगलों और विशाल जलाशय के मनोरम दृश्य के बीच बने आकर्षक कॉटेज पर्यटकों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। गर्मी के मौसम में बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचकर प्राकृतिक खूबसूरती का आनंद ले रहे हैं। बांध का शांत किनारा, शुद्ध हवा और हरियाली से घिरा वातावरण पर्यटकों को सुकून का एहसास कराता है।
पर्यटन विभाग द्वारा यहां संचालित कैंटीन में विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। प्रशिक्षित कुक और प्रबंधन टीम की तैनाती से पर्यटकों को बेहतर सेवाएं मिल रही हैं। सुरक्षा और व्यवस्थाओं के लिए गार्ड सहित 6 से 7 कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है।
पर्यटक यहां बने सुंदर कॉटेज के साथ सेल्फी लेने के अलावा परिवार और मित्रों के साथ गुणवत्तापूर्ण समय बिता रहे हैं। स्थानीय लोगों का मानना है कि इस पर्यटन परियोजना से क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और सोनहत पर्यटन मानचित्र पर तेजी से उभरकर सामने आएगा।
घुनघुट्टा बांध पर्यटन स्थल प्रकृति प्रेमियों और सुकून भरे माहौल की तलाश कर रहे लोगों के लिए एक बेहतरीन गंतव्य बनता जा रहा है। आने वाले समय में यह स्थल कोरिया जिले के प्रमुख पर्यटन केंद्रों में शामिल हो सकता है।