रामसता चौक पर बड़ी वारदात: सूने मकान से नगद सहित भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात पार, ऊपर सो रहे किराएदारों को भनक तक नहीं लगी

चारामा (कांकेर)

नगर के हृदय स्थल और सबसे व्यस्ततम इलाकों में शुमार रामसता चौक पर अज्ञात चोरों ने एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चौक पर स्थित पंकज मेश्राम के मकान को निशाना बनाते हुए शातिर चोरों ने अलमारी का लॉक तोड़कर पैंतालीस हजार रुपये नगद सहित भारी मात्रा में सोने व चांदी के जेवरात पार कर दिए हैं। घटना के समय मेश्राम परिवार धनीटोला, धमतरी में एक पारिवारिक मृत्यु कार्यक्रम में शामिल होने गया हुआ था। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इस मकान के ऊपर दो किराएदार भी रहते हैं, लेकिन रात में हुई इस इतनी बड़ी वारदात की उन्हें भनक तक नहीं लग सकी।

विश्वस्त पड़ोसियों को सौंपी थी चाबी और सुबह खुला मिला पीछे का दरवाजा

पीड़ित पंकज मेश्राम अपने पूरे परिवार के साथ बीते पंद्रह जुलाई को धमतरी गए हुए थे। घर की देखरेख और रोजाना पानी भरने के उद्देश्य से उन्होंने अपने घर की चाबी सामने रहने वाले एक विश्वसनीय पड़ोसी परिवार को सौंप दी थी, ताकि वे रोज मोटर चालू कर पानी की टंकी भर सकें। मामले का खुलासा आज सत्रह जुलाई की सुबह हुआ, जब चाबी रखने वाले पड़ोसी रोज की तरह सुबह करीब दस बजे बोर चालू करने के लिए मुख्य दरवाजे का ताला खोलकर भीतर पहुंचे। जैसे ही वे पीछे की तरफ गए, उन्होंने देखा कि पीछे का दरवाजा खुला हुआ था और कुंडी टूटी पड़ी थी। उन्होंने तत्काल फोन पर मकान मालिक को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद मेश्राम परिवार तुरंत धमतरी से चारामा लौटा। घर पहुंचने पर देखा गया कि दोनों कमरों की अलमारियों के ताले टूटे हुए थे और लॉकर में रखा सारा सामान व जेवरात गायब थे।

पड़ोस में चल रहे भंडारे के बड़े लोहे के चम्मच से तोड़ा अलमारी और दरवाजे का ताला

घटना की कड़ियां जोड़ते हुए यह बात सामने आई है कि मेश्राम परिवार के ठीक पीछे स्थित एक घर में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के उपलक्ष्य में पूजा और भंडारे का कार्यक्रम चल रहा था। सोलह जुलाई की रात लगभग दस बजे तक लोग छत पर मौजूद थे, लेकिन जैसे ही तेज बारिश शुरू हुई, सभी नीचे आ गए। तेज बारिश के कारण व्यस्त रहने वाले रामसता चौक पर हलचल जल्दी बंद हो गई थी। आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने आपस में जुड़ी छतों या बगल के घर की सीढ़ी का सहारा लेकर पीछे के दरवाजे तक पहुंच बनाई। खास बात यह है कि चोरों ने दरवाजा तोड़ने के लिए उसी पड़ोसी के घर में भंडारे के लिए रखे लोहे के बड़े चम्मच यानी कड़छी का इस्तेमाल किया, जो वहां खुला रखा हुआ था। चोरों ने भारी-भरकम चम्मच के प्रहार से दरवाजे का लॉक और कुंडी तोड़ दी और भीतर दाखिल हो गए।

चोरी गई नगद राशि सहित सोने-चांदी के जेवरात का पूरा विवरण

पीड़ित परिवार द्वारा पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार चोरों ने घर के अलग-अलग हिस्सों से कुल पैंतालीस हजार रुपये नगद पार किए हैं, जिसमें तीस हजार रुपये अलमारी से, पांच हजार रुपये किराना दुकान के गल्ले से और दस हजार रुपये प्लास्टिक के डिब्बे से चुराए गए हैं। इसके अलावा जेवरातों में आधा किलोग्राम चांदी का उरता, छह जोड़ी चांदी की पायल और पांच जोड़ी चांदी का कड़ा गायब है। सोने के आभूषणों में तीन नग सोने की चेन, तीन नग सोने के सिक्के, दो नग सोने की पायजब, चार नग सोने की अंगूठी, दो नग छोटी सोने की अंगूठी, एक नग सोने का झुमका, दो नग सोने की आईरिंग, चार जोड़ी कान का झुमका, एक नग नथ, चार जोड़ी कुल्ली, एक नग करधन और एक नग मंगलसूत्र शामिल है। साथ ही बच्चों के सोने के दो नग लॉकेट, छोटे सोने के चैन और पायल पर भी चोरों ने हाथ साफ कर दिया है।

डॉग स्क्वायड की मदद से संदिग्ध हिरासत में और जल्द खुलासे का दावा

घटना की सूचना मिलते ही चारामा थाना प्रभारी सुरेश राठौर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल डॉग स्क्वायड की टीम को बुलाया। खोजी कुत्ते ने घटनास्थल से गंध लेते हुए आसपास के कुछ संदिग्धों के घरों की तरफ रुख किया, जिसके आधार पर पुलिस ने कुछ संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही पुलिस पास में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है। थाना प्रभारी सुरेश राठौर ने बताया कि पुलिस को घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण और ठोस सुराग मिले हैं। खोजी कुत्ते और तकनीकी इनपुट्स के आधार पर कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का पर्दाफाश कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *