गंजबासौदा: मध्य प्रदेश के गंजबासौदा में विद्युत कंपनी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अपने ही विभाग के एक लाइनमैन को बिजली चोरी करते हुए पकड़ा है। आरोपी लाइनमैन राजेश किश्ती पर कंपनी ने 63,000 रुपये का जुर्माना लगाया है। यह कार्रवाई शहर में चलाए जा रहे बिजली चोरी रोको अभियान के तहत की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी लाइनमैन संजय गांधी स्मृति महाविद्यालय के पीछे स्थित गली में निवास करता है। विद्युत कंपनी के अधिकारियों को गोपनीय सूचना मिली थी कि विभाग में कार्यरत कर्मचारी ही बिजली की चोरी कर रहा है। सूचना के आधार पर एई सन्नी बरगिश अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
जांच के दौरान पाया गया कि लाइनमैन के घर में बिजली का मीटर ही नहीं था और घर की विद्युत आपूर्ति सीधे मुख्य लाइन से जोड़ी गई थी। रंगे हाथों पकड़े जाने के बाद अधिकारियों ने मौके पर ही चोरी का प्रकरण दर्ज किया। एई सन्नी बरगिश ने बताया कि पद का दुरुपयोग कर बिजली चोरी करने वालों पर लगाम लगाने के लिए यह सख्त कदम उठाया गया है।
हैरानी की बात यह है कि आरोपी लाइनमैन बरेठ क्षेत्र में पदस्थ है और उसे विभाग से प्रतिमाह लगभग 1 लाख रुपये वेतन मिलता है। इतना अधिक वेतन होने के बावजूद वह लंबे समय से बिजली की चोरी कर रहा था। विद्युत कंपनी ने स्पष्ट किया है कि बिजली चोरी रोकने के लिए उनका जांच अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।