कुरूद की लाइफलाइन को मिली नई ताकत, 11.85 करोड़ की जल आवर्धन योजना स्वीकृत

गंगरेल के बड़े केनाल से कुरूद शहर, केंद्रीय विद्यालय और कृषि महाविद्यालय को मिलेगी निरंतर जलापूर्ति
धमतरी/कुरूद। सुशासन सरकार ने कुरूद नगर को बड़ी सौगात देते हुए 11 करोड़ 85 लाख रुपये की महत्वाकांक्षी जल आवर्धन योजना स्वीकृत की है। इस योजना के तहत गंगरेल बांध के बड़े केनाल से कुरूद नगर, केंद्रीय विद्यालय तथा कृषि महाविद्यालय क्षेत्र को निरंतर पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। इसे कुरूद नगर की “लाइफलाइन” के रूप में देखा जा रहा है।
नगर पालिका परिषद अध्यक्ष ज्योति भानु चंद्राकर ने इसे ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन में कुरूद की वर्षों पुरानी पेयजल समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में यह सबसे बड़ी सौगात है। योजना के तहत वर्तमान 2.5 एमएलडी क्षमता वाले वाटर ट्रीटमेंट प्लांट को बढ़ाकर 7.5 एमएलडी किया जाएगा। साथ ही नगर की सभी बड़ी पानी टंकियों की क्षमता विस्तार कर उन्हें पाइपलाइन नेटवर्क से जोड़ा जाएगा तथा सभी पेयजल केंद्रों का सौंदर्यीकरण भी किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि नगर पालिका परिषद की बैठक में यह प्रस्ताव पारित किए जाने के बाद क्षेत्र के प्रेरणास्रोत विधायक अजय चंद्राकर ने लगातार प्रयास कर मुख्यमंत्री के समक्ष बड़े करेली आगमन के दौरान कुरूद नगर पालिका और भखारा नगर पंचायत के लिए जल आवर्धन योजना की मांग रखी थी। मुख्यमंत्री ने घोषणा के अनुरूप इसे मूर्त रूप देते हुए 11.85 करोड़ की राशि स्वीकृत की।
अध्यक्ष चंद्राकर ने कहा कि यह योजना केवल कुरूद नगर ही नहीं बल्कि आसपास के क्षेत्रों के लिए भी वरदान साबित होगी। इससे भविष्य की बढ़ती आबादी के अनुरूप पेयजल व्यवस्था मजबूत होगी और नागरिकों को निर्बाध जलापूर्ति मिलेगी।
उन्होंने इस स्वीकृति पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी तथा विधायक अजय चंद्राकर के प्रति नगरवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया। साथ ही नगर पालिका के समस्त जनप्रतिनिधियों और कुरूदवासियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सामूहिक प्रयासों की बड़ी सफलता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *