डिजिटल क्रांति की ओर बढ़ता कोरिया- 14 अटल डिजिटल सुविधा केन्द्रों का शुभारंभ

70 लाख की लागत से बने केन्द्र, गांव-गांव तक पहुंचेगी ऑनलाइन सेवाएं और ई-गवर्नेंस

कोरिया, 17 अप्रैल 2026/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को जशपुर से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना विभाग के अंतर्गत विभिन्न सड़कों के शुभारंभ एवं शिलान्यास के साथ ही कोरिया जिले को एक और महत्वपूर्ण सौगात दी। उन्होंने वर्चुअल माध्यम से जिले में निर्मित 14 अटल डिजिटल सुविधा केन्द्रों का लोकार्पण किया, जो अब ग्रामीणों को आधुनिक डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए तैयार हैं।

इन केन्द्रों का निर्माण वर्ष 2024-25 में स्वीकृत योजनाओं के तहत लगभग 70 लाख रूपये की लागत से किया गया है। सभी केन्द्रों का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है और अब ये ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सेवाओं के विस्तार का सशक्त माध्यम बनेंगे।

बैकुण्ठपुर और सोनहत में स्थापित हुए केन्द्र
जिले के दो प्रमुख जनपद पंचायतों बैकुण्ठपुर और सोनहत में इन केन्द्रों की स्थापना की गई है। बैकुण्ठपुर जनपद पंचायत अंतर्गत जमगहना, नगर, सलबा, मुरमा, मनसुख, तेन्दुआ और डुमरिया ग्राम पंचायतों में केन्द्र बनाए गए हैं। वहीं सोनहत जनपद पंचायत अंतर्गत अकलासरई, पुसला, सोनहत, कुशहा, सुन्दरपुर, रामगढ़ और आनंदपुर ग्राम पंचायतों में डिजिटल सुविधा केन्द्र स्थापित किए गए हैं।

इनमें से अधिकांश केन्द्र ‘क्षमता विकास योजना’ के तहत बनाए गए हैं, जबकि कुछ का निर्मान राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत किया गया है।

ग्रामीणों को मिलेंगी आधुनिक डिजिटल सुविधाएं
अटल डिजिटल सुविधा केन्द्र ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के उद्देश्य से स्थापित किए गए हैं। इन केन्द्रों के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न ऑनलाइन सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की सुविधा जाति, निवास, आय जैसे प्रमाण पत्रों के लिए आवेदन डिजिटल भुगतान और बैंकिंग सेवाएं पेंशन, राशन, मनरेगा और अन्य योजनाओं से जुड़ी जानकारी ई- गवर्नेंस सेवाओं की सहज उपलब्धता अब ग्रामीणों को छोटी-छोटी सेवाओं के लिए शहर या तहसील मुख्यालय नहीं जाना पड़ेगा।

डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम
इन केन्द्रों के संचालन से न केवल ग्रामीणों का समय और पैसा बचेगा, बल्कि उन्हें डिजिटल रूप से सशक्त बनाने में भी मदद मिलेगी। युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे, क्योंकि इन केन्द्रों के संचालन में स्थानीय स्तर पर मानव संसाधन की आवश्यकता होगी।

विकास के दो पहिए- सड़क और डिजिटल सुविधा
जहां एक ओर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत गांवों को पक्की सड़कों से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर अटल डिजिटल सुविधा केन्द्रों के माध्यम से उन्हें डिजिटल दुनिया से जोड़ा जा रहा है। यह दोहरा विकास मॉडल ग्रामीण जीवन को आसान और आधुनिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

कोरिया जिले में 14 अटल डिजिटल सुविधा केन्द्रों का शुभारंभ ग्रामीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे गांवों में डिजिटल सेवाओं का विस्तार होगा और आमजन को शासन की योजनाओं का लाभ घर के पास ही मिल सकेगा। यह पहल डिजिटल इंडिया के सपने को जमीनी स्तर पर साकार करने की दिशा में एक मजबूत कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *