दुर्ग। शहर में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के निर्देश पर यातायात पुलिस और लोक निर्माण विभाग (PWD) की संयुक्त टीम ने शहर के प्रमुख “ग्रे स्पॉट” — अवन्ति बाई चौक और सूर्या मॉल चौक — का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सड़क सुरक्षा सुधार हेतु कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
अवन्ति बाई चौक में रोटरी का आकार कम करने, चारों दिशाओं में रम्बल स्ट्रिप्स बनाने, हाई मास्क लाइट लगाने और चेतावनी एवं सूचनात्मक संकेतक बोर्ड स्थापित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अवैध अतिक्रमण हटाकर यातायात प्रवाह को सुगम बनाने पर जोर दिया गया।

वहीं सूर्या मॉल चौक में सड़क किनारे स्थित ट्रांसफार्मर को हटाकर लेफ्ट टर्न को बाधारहित करने, ट्रैफिक सिग्नल की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने तथा नाली को ढंककर सड़क चौड़ीकरण करने के निर्देश जारी किए गए। इसके अलावा यहां भी रम्बल स्ट्रिप्स निर्माण और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई प्राथमिकता से करने को कहा गया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इन सुधारात्मक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाएगा, ताकि आम नागरिकों को सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था मिल सके।
इस संयुक्त अभियान में यातायात पुलिस एडिशनल एसपी रिचा मिश्रा और लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों एवं मैदानी अमले ने समन्वित और सक्रिय भूमिका निभाई, जिसे सराहनीय माना जा रहा है।