अंबिकापुर में घरेलू विवाद में पति ने खटिया की पाटी से पीट-पीटकर पत्नी को उतारा मौत के घाट, आरोपी गिरफ्तार

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के थाना मणिपुर क्षेत्र के भिट्ठीकला में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां मामूली विवाद में एक कसाई पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी पति ने गुस्से में आकर खटिया की पाटी (लकड़ी के डंडे) से पत्नी के सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार किए। वारदात के बाद जब आरोपी को कानूनी कार्रवाई का डर सताया, तो उसने मामले को छुपाने के लिए गंभीर रूप से घायल पत्नी को जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को जंगल में घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है।

क्या है पूरा मामला?

मिली जानकारी के अनुसार, मृतिका हीरो बाई का उसके पति प्रदीप अगरिया निवासी भिट्ठीकला के साथ 14 मई 2026 की शाम को किसी बात पर मामूली विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी प्रदीप ने आव देखा न ताव और खटिया की पाटी उठाकर पत्नी के सिर और चेहरे पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में हीरो बाई को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद जब आरोपी को लगा कि वह हत्या के केस में बुरी तरह फंस जाएगा, तो वह डर के मारे घायल पत्नी को आनन-फानन में इलाज के लिए जिला अस्पताल अंबिकापुर ले गया। हालांकि, चोटें इतनी गंभीर थीं कि इलाज के दौरान उसी रात हीरो बाई ने दम तोड़ दिया।

भाई की रिपोर्ट पर दर्ज हुआ हत्या का केस

घटना के बाद मृतिका के भाई प्रसन्न अगरिया (पिता जगतराम अगरिया, निवासी सकरिया कुन्नी, थाना लखनपुर) ने थाना मणिपुर में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति प्रदीप अगरिया के खिलाफ अपराध क्रमांक 95/2026, धारा 103(2) बी.एन.एस. (भारतीय न्याय संहिता) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

जंगल में घेराबंदी कर आरोपी को दबोचा

हत्या की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) अंबिकापुर श्री राहुल बंसल (IPS) के मार्गदर्शन में थाना मणिपुर और साइबर सेल अम्बिकापुर की दो संयुक्त टीमें गठित की गईं। पुलिस टीमों ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी। इसी बीच मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि आरोपी बांकी डैम के पास जंगलों में छिपा हुआ है। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर प्रदीप अगरिया को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने गुस्से में आकर पत्नी पर हमला किया था और फंसने के डर से ही उसे अस्पताल लेकर गया था। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

कार्रवाई में शामिल रही यह टीम

इस त्वरित और सफल कार्यवाही में थाना प्रभारी उप निरीक्षक सी.पी. तिवारी, सहायक उप निरीक्षक अनिल पाण्डेय, प्रभारी साइबर सेल सहायक उप निरीक्षक अजीत कुमार मिश्रा, प्रधान आरक्षक विकास सिन्हा, जयदीप सिंह, महिला प्रधान आरक्षक मालती तिवारी, आरक्षक सत्येन्द्र दूबे, अशोक यादव, रमेश राजवाडे़, मनीष सिंह, अनिल सिंह, उमाशंकर साहू और रमाशंकर यादव की मुख्य भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *