रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय (महानदी भवन) में कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक शुरू हो गई है। इस बैठक में राज्य सरकार कई बड़े नीतिगत निर्णयों पर अंतिम मुहर लगा सकती है, जिसका सीधा असर प्रदेश के किसानों और विकास कार्यों पर पड़ेगा।
बस्तर 2.0 प्रोजेक्ट पर होगी विस्तृत चर्चा
नक्सलवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों में मिल रही सफलता के बाद, अब राज्य सरकार बस्तर के सर्वांगीण विकास पर ध्यान केंद्रित कर रही है। बैठक में बस्तर 2.0 प्रोजेक्ट को लेकर चर्चा होने के प्रबल आसार हैं। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का उद्देश्य बस्तर अंचल में बुनियादी सुविधाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों को नए सिरे से विकसित करना है, ताकि क्षेत्र की जनता को विकास की मुख्यधारा से पूरी तरह जोड़ा जा सके।
सरप्लस धान की नीलामी को मिल सकती है मंजूरी
बैठक का एक अन्य प्रमुख एजेंडा धान सरप्लस की नीलामी है। मंत्रिमंडलीय उप-समिति द्वारा अतिरिक्त धान के निपटान के लिए नीलामी करने का जो प्रस्ताव तैयार किया गया है, उस पर आज कैबिनेट की मुहर लग सकती है। इसके साथ ही आगामी खरीफ सीजन की तैयारियों और खाद-बीज की उपलब्धता को लेकर भी मंत्रियों के बीच विचार-विमर्श होने की संभावना है। बैठक में लिए गए निर्णयों की आधिकारिक जानकारी कैबिनेट ब्रीफिंग के बाद साझा की जाएगी।